हर शुक्रवार अधिकारी रहेंगे फील्ड में, 7 जनवरी 2027 तक चलेगा 'जन विश्वास अभियान' : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
सच की आंखें न्यूज़ छिंदवाड़ा छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार से प्रदेशभर में 'जन विश्वास अभियान' की शुरुआत करते हुए कहा कि अब प्रत्येक शुक्रवार को शासकीय कार्यालयों में बैठकें नहीं होंगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी मैदानी स्तर पर पहुंचकर शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का जायजा लेंगे तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे। यह अभियान 7 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार संचालित किया जाएगा।
छिंदवाड़ा के एफडीडीआई ऑडिटोरियम में आयोजित अधिकारी-कर्मचारी अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन स्थापित करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यों को धरातल पर सफल बनाने में अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को गति दी गई है। छिंदवाड़ा जिले में 1281 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिल चुका है, जबकि शेष पदोन्नतियां सितंबर-अक्टूबर तक पूरी कर दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बड़े स्तर पर नई भर्तियां कर रही है। पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती पूरी हो चुकी है तथा उच्च शिक्षा में 7 हजार से अधिक व्याख्याताओं की नियुक्ति की गई है। वहीं व्यावसायिक शिक्षा मंडल ने विभिन्न विभागों में 17 हजार पदों पर भर्ती के लिए सूचना जारी की है। बीते ढाई वर्षों में एक लाख पदों पर भर्ती की जा चुकी है और अब दो लाख नई भर्तियों की प्रक्रिया जारी है।
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अधिकारी-कर्मचारियों ने अभिनंदन किया। उन्होंने आठ नव नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
Tags
छिंदवाड़ा