नितिन नवीन से मिले विजय हटवार, संगठन विस्तार और जनसेवा को लेकर हुआ महत्वपूर्ण विचार-विमर्श
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मा. नितिन नवीन से नमो नमो मोर्चा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय हटवार की नई दिल्ली में सौजन्य भेंट हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उनका लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
पत्रकार संतोष राज को मिली जानकारी के अनुसार, मुलाकात के दौरान नमो नमो मोर्चा भारत द्वारा राष्ट्रहित, जनसेवा, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं युवा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी दी गई।
विजय हटवार ने बताया कि नमो नमो मोर्चा भारत “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ देश के विभिन्न प्रदेशों में संगठन का विस्तार कर रहा है। संगठन में मातृशक्ति, युवा शक्ति, वरिष्ठ समाजसेवियों, संत-महात्माओं एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े राष्ट्रहितैषी व्यक्तियों को जोड़कर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
संगठन द्वारा जरूरतमंद बच्चों को स्कूल शूज, पुस्तकें एवं पेन-पेंसिल उपलब्ध कराने, आदिवासी बहनों को वस्त्र वितरण तथा युवाओं को कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने जैसे जनसेवा कार्य किए जा रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री के “एक पेड़ माँ के नाम” संदेश को आगे बढ़ाते हुए संगठन द्वारा 17 सितंबर को राष्ट्रीय स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की बात भी रखी गई। साथ ही गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में किसानों की निजी भूमि पर उपयोगी वृक्ष एवं औषधीय पौधों के रोपण को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुलाकात के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनहितकारी अभियानों का विस्तार करने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श हुआ। विजय हटवार ने कहा कि राष्ट्र निर्माण समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही संभव है।
इस अवसर पर “जनकल्याण, संगठन सशक्त, राष्ट्र प्रथम” के संकल्प के साथ नमो नमो मोर्चा भारत द्वारा जनसेवा एवं राष्ट्रहित के अभियानों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
Tags
दिल्ली