छिंदवाड़ा। विकासखंड चौरई वृत्त के आबकारी अमले ने अवैध शराब परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान कुल 62.28 बल्क लीटर देशी एवं विदेशी मदिरा तथा एक दुपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देश एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार, 23 एवं 24 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि हलाल-चौरई-कुकरई तिराहा के समीप कुकरई मार्ग पर दुपहिया वाहन से जा रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। आबकारी अमले को देखकर दोनों आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे। घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
वाहन की गवाहों के समक्ष तलाशी लेने पर दो नायलॉन के थैलों से 301 पाव देशी मसाला मदिरा एवं 45 पाव विदेशी मदिरा ऑफिसर्स च्वॉइस व्हिस्की बरामद की गई। कुल जब्त शराब की मात्रा 62.28 बल्क लीटर है।
आबकारी अमले ने सिवनी जिले के ललमटिया निवासी संदीप पटले को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी राकेश राजपूत, निवासी ललमटिया, फरार हो गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
कार्रवाई में वृत्त प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल, प्रधान आरक्षक राजकुमार यदुवंशी तथा आरक्षक भारती मरकाम की भूमिका रही।
