छिंदवाड़ा। जिला बैडमिंटन संघ की वार्षिक बैठक ओलम्पिक संघ के बैडमिंटन हॉल में आयोजित की गई। बैठक में मध्यप्रदेश बैडमिंटन संघ के कार्यकारिणी सदस्य एवं जबलपुर जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष लोकनाथ तिवारी तथा मध्यप्रदेश बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष एवं बालाघाट जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अजय सोनी पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए। दोनों पदाधिकारियों ने जिला बैडमिंटन संघ छिंदवाड़ा की गतिविधियों की सराहना करते हुए आगामी आयोजनों के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए।
कार्यक्रम में ग्वालियर, खरगोन, इंदौर एवं चांदामेटा सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के खिलाड़ियों, खेल प्रमोटर्स तथा उनके परिवारों को सम्मानित किया गया। बच्चों को बैडमिंटन के क्षेत्र में निरंतर प्रोत्साहित और सहयोग करने वाले विश्वकर्मा, डोडानी, शर्मा, नागौत्रा, हरदिया, डेहरिया, सोनी एवं सिसोदिया परिवारों सहित कोच योगेश चंद्रवंशी, मार्गदर्शक संतोष साहू, वेंकोली वर्कर्स क्लब चांदामेटा, पेंच स्टाफ क्लब परासिया एवं बैडमिंटन क्लब पांढुर्णा के सदस्यों एवं परिवारों को शॉल, श्रीफल, मेडल, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकनाथ तिवारी उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता अभिषेक पाटनी ने की। विशिष्ट अतिथियों में इंद्रजीत सिंह बैस, परमजीत बिज, दारा जुनेजा, दीपक राज जैन, संतोष साहू, चंद्रभूषण डेहरिया, मंगेश मुन्देकर, जगदीश चौरसिया गुड्डू, राकेश चौरसिया, श्वेता घई, माही खंडेलवाल एवं कंचन विश्वकर्मा शामिल रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला बैडमिंटन संघ के सचिव जावेद खान ने किया। आयोजन को सफल बनाने में तरुण विश्वकर्मा, विनय चंदेल, अमित सोनी, अशफाक खान, योगेश चंद्रवंशी एवं सबा खान का विशेष सहयोग रहा।
इंद्रजीत सिंह बैस ने बताया कि प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर शीघ्र ही सर्वसम्मति से जिला बैडमिंटन संघ की कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 4 से 8 सितंबर तक प्राइज मनी जूनियर-सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
