सच की आंखें न्यूज़ छिंदवाड़ा। पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों और शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देहात पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।थाना देहात पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को रोड पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि खजरी क्षेत्र में एक व्यक्ति पान ठेले के पीछे स्थित अपने घर में अवैध रूप से अंग्रेजी एवं देशी शराब बेचने के उद्देश्य से रखे हुए है। सूचना पर थाना प्रभारी को अवगत कराकर पुलिस टीम ने राहगीर गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर एक व्यक्ति अपने पास रखे थैले को छिपाने का प्रयास करने लगा। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली। थैले से 11 पाव सफेद देशी प्लेन मदिरा, 12 पाव ऑफिसर च्वाइस अंग्रेजी शराब तथा ऑफिसर च्वाइस की 750 एमएल की दो बोतलें बरामद की गईं। जब्त शराब की कुल कीमत 3 हजार 900 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नरेन्द्र मालवी पिता भागवत मालवी, उम्र 33 वर्ष, निवासी खजरी, थाना देहात, जिला छिंदवाड़ा बताया। आरोपी शराब रखने एवं विक्रय के संबंध में कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 492/26, धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना देहात में पूर्व से दो एससी/एसटी एक्ट सहित एक आबकारी एक्ट का प्रकरण भी दर्ज है।
मामले में निरीक्षक जी.एस. राजपूत, उपनिरीक्षक हर्ष नागले, आरक्षक 857 शैलेन्द्र राजपूत एवं आरक्षक 556 अर्जुन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।सहयोगी जनता, सक्रिय पुलिस, सुरक्षित समाज
