शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण के विरोध में ओबीसी महासभा ने सौंपा ज्ञापन

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण के विरोध में ओबीसी महासभा ने सौंपा ज्ञापन

छिंदवाड़ा। तहसील चौरई के ग्राम कलकोटी में शासकीय एवं जंगल की भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण और निर्माण के विरोध में ओबीसी महासभा ने जिला कलेक्टर छिंदवाड़ा को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ओबीसी महासभा के जिलाध्यक्ष लोधी विपिन वर्मा ने बताया कि ग्रामवासियों के अनुसार ग्राम कलकोटी स्थित शासकीय भूमि, खसरा नंबर 342/1, रकबा लगभग 13.579 हेक्टेयर सहित जंगल की भूमि पर अतरलाल वर्मा एवं भागलाल वर्मा द्वारा कथित रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य किया गया है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि उक्त भूमि पर मुख्यमंत्री आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भवन निर्माण किया गया है।

महासभा ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त भूमि पर निर्मित मुख्यमंत्री आवास के आधार पर सेंट्रल बैंक से ऋण प्राप्त किया गया है तथा शेष रिक्त भूमि पर कथित रूप से अवैध प्लाटिंग कर भूखंडों का विक्रय किया जा रहा है। इससे शासन को लाखों रुपये के राजस्व की हानि होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।

इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा रोवर मशीन से भूमि का सीमांकन कराकर कथित दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। आवेदक रविशंकर वर्मा, निवासी ग्राम कलकोटी, तहसील चौरई ने बताया कि इस मामले में पूर्व में एसडीएम चौरई के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन पर स्थल पर अतिक्रमण पाए जाने की स्थिति में उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आरोप है कि अब तक उक्त आदेश का पालन नहीं हुआ है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि हल्का पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक द्वारा रोवर मशीन से सीमांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तथा संबंधित भूमि को दोनों भाइयों की निजी भूमि बताया जा रहा है।

ओबीसी महासभा के जिलाध्यक्ष लोधी विपिन वर्मा ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर शासकीय एवं जंगल की भूमि का विधिवत सीमांकन कराने तथा यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाने की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान लोधी विपिन वर्मा, संजय विश्वकर्मा, भोलाराम, रवि वर्मा, अंकित वर्मा, आसाराम वर्मा सहित ग्रामवासी एवं ओबीसी महासभा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default