छिंदवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत छिंदवाड़ा जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए सांसद बंटी विवेक साहू ने नशीले पदार्थों (ड्रग्स) के उपयोग, आपूर्ति और तस्करी पर प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में सांसद ने जबलपुर रेंज के आईजी, छिंदवाड़ा के डीआईजी, छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक अजय पांडे तथा पांढुर्णा पुलिस अधीक्षक प्रकाशचंद्र परिहार को पत्र लिखा है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नशामुक्ति अभियान को देश के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य से जोड़कर देखते हैं। नशामुक्ति सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त रहना आवश्यक है। युवाओं को नशे से दूर रखकर ही वे अपने और देश के सपनों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
ड्रग्स की उपलब्धता पर जताई चिंता
सांसद ने पत्र में जिले में युवाओं के बीच नशीले पदार्थों के बढ़ते उपयोग को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की उपलब्धता युवाओं को नशे की ओर धकेलने का एक प्रमुख कारण बन सकती है। जिले में नशीले पदार्थों की आपूर्ति एवं तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इनके स्रोत और सप्लाई नेटवर्क पर कार्रवाई करना आवश्यक है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि जिले में नशीले पदार्थों की आपूर्ति एवं उपलब्धता वाले संभावित स्थानों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही नशीले पदार्थों की जिले में होने वाली आवक और तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी एवं कार्रवाई को और मजबूत किया जाए।
सांसद ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए पुलिस के साथ-साथ अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को भी जागरूकता अभियान में सहयोग करना चाहिए।
