100 वर्ष या अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा ‘शतायु सम्मान’अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, जिलों में भी होंगे विविध आयोजन

100 वर्ष या अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा ‘शतायु सम्मान’

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, जिलों में भी होंगे विविध आयोजन

छिन्दवाड़ा। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर एक अक्टूबर को वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन के संकल्प के साथ राज्य स्तरीय कार्यक्रम भोपाल में आयोजित किया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी, भोपाल के स्वर्ण जयंती सभागार में सुबह 11 बजे होगा। कार्यक्रम में 500 से अधिक वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक जिले में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी कर चुके वरिष्ठ नागरिकों को चिन्हित कर ‘शतायु सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। शतायु वरिष्ठजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर उनके दीर्घ जीवन एवं समाज में योगदान का सम्मान किया जाएगा।

स्वास्थ्य जांच और मनोरंजन गतिविधियां

वृद्धाश्रमों में निवासरत वरिष्ठजनों तथा अन्य बुजुर्गों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय सहभागिता के लिए कैरम, लूडो, शतरंज, गीत-संगीत सहित विभिन्न इंडोर गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनका उद्देश्य वरिष्ठजनों को सामाजिक रूप से सक्रिय बनाए रखना और उनके बीच संवाद एवं सहभागिता को बढ़ावा देना है।

वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जिला चिकित्सालयों, सिविल डिस्पेंसरी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के समन्वय से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। इनमें रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र परीक्षण सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

डिजिटल सेवाओं की दी जाएगी जानकारी

बदलते डिजिटल परिवेश में वरिष्ठ नागरिकों को सक्षम बनाने के लिए मोबाइल फोन, इंटरनेट, डिजिटल सेवाओं एवं कंप्यूटर के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण और जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से वरिष्ठजन डिजिटल सेवाओं का अधिक सहजता से उपयोग कर सकेंगे।

अधिकारों और हेल्पलाइन की जानकारी

वरिष्ठ नागरिकों को माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम-2007 एवं मध्यप्रदेश नियम-2009 के तहत उपलब्ध अधिकारों, सहायता एवं शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी। समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संचालित एल्डरलाइन हेल्पलाइन 14567 के संबंध में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की थीम “गरिमा के साथ वृद्धावस्था : वृद्ध नागरिकों के लिए देखभाल और समर्थन प्रणालियों को मजबूत करने का महत्व” को केंद्र में रखते हुए प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों में वरिष्ठजनों के सम्मान, देखभाल, स्वास्थ्य, अधिकार और सामाजिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने