युवाओं को हर हाल में नशे से बचाएं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
शहरों के हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी के निर्देश, 2026 में अब तक 2706 प्रकरण दर्ज
छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि युवाओं को हर हाल में नशे से बचाना है। विशेष रूप से शहरों में चिन्हित नशे के हॉटस्पॉट पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने जिला स्तर पर हर माह बैठक आयोजित कर नशा मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करने और उसके प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रदेश में भी अभियान की निरंतर समीक्षा के साथ नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पुलिस एवं आबकारी विभाग को आवश्यकता के अनुसार संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
3690 आरोपियों से 46,313 किलो मादक पदार्थ जब्त
बैठक में दिए गए प्रस्तुतिकरण में बताया गया कि नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के उत्पादन, व्यापार, सेवन एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक प्रदेश में 2706 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। अगस्त 2026 तक इन मामलों में 3690 आरोपियों से 46 हजार 313 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
बैठक में प्रतिबंधित कफ सीरप की जब्ती, शिक्षण संस्थानों की 500 मीटर परिधि को ड्रग्स-फ्री परिसर बनाने, नशा मुक्ति मित्रों का सहयोग लेने तथा जिलों में नशा मुक्ति केंद्रों की भूमिका को सक्रिय करने संबंधी कार्यों की जानकारी दी गई।
नशे से संबंधित सहायता के लिए नशा मुक्त हेल्पलाइन 14446 की व्यवस्था भी लागू की गई है। बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा, एडीजी नारकोटिक्स डी. श्रीनिवास वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।