मुख्यमंत्री डॉ. यादव 11 सितंबर को करेंगे यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का शुभारंभ
इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय समिट, परिवहन मंत्री और मुख्य सचिव भी होंगे शामिल
भोपाल। मध्यप्रदेश में सार्वजनिक यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल के तहत 11 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समिट का शुभारंभ करेंगे। परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह तथा मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
समिट में निजी बस ऑपरेटरों, नीति-निर्माताओं, परिवहन विशेषज्ञों, राज्य परिवहन उपक्रमों, आईटी कंपनियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें प्रदेश की यात्री परिवहन व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने, निवेश बढ़ाने और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर मंथन किया जाएगा।
‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ पर रहेगा फोकस
समिट का प्रमुख केंद्र ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ रहेगा। मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) के माध्यम से जन-निजी भागीदारी (PPP), आधुनिक आईटी प्रणालियों तथा हरित ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री समिट के दौरान इंडस्ट्री एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। एक्सपो में बस निर्माता, आईटी कंपनियां, वित्तीय संस्थान एवं परिवहन क्षेत्र से जुड़े उद्योग अपनी तकनीक और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर समिट की स्मारिका, ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ पर आधारित विशेष पुस्तिका तथा MPYPIL के नए लोगो का विमोचन किया जाएगा। परिवहन क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आयोजित हैकाथॉन का शुभारंभ भी होगा।
आठ सत्रों में होगा व्यापक मंथन
समिट में आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें एमपी मोबिलिटी विजन-2030, बस संचालन एवं इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) में PPP मॉडल, परिवहन अवसंरचना में निवेश, वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बस संचालन, रोजगार एवं उद्यमिता, यात्री सुरक्षा एवं सुविधाएं, डेटा और एआई आधारित बस मार्ग योजना, हरित मोबिलिटी तथा एकीकृत टिकटिंग एवं स्वचालित किराया संग्रह जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
समिट में ईकेए मोबिलिटी, टाटा मोटर्स, ग्रीनसेल मोबिलिटी, वोल्वो-आयशर, स्विच मोबिलिटी, रैपिडो, चलो मोबिलिटी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, एसबीआई सहित परिवहन एवं तकनीकी क्षेत्र की प्रमुख संस्थाएं भाग लेंगी। WRI इंडिया, BITS पिलानी, CEPT अहमदाबाद, KPMG और DIMTS के विशेषज्ञ भी अपने सुझाव साझा करेंगे।
समिट में होने वाले विचार-विमर्श एवं विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर प्रदेश की यात्री परिवहन व्यवस्था को तकनीक-सक्षम, सुरक्षित, सुविधाजनक और टिकाऊ बनाने के लिए आगामी कार्ययोजना को आकार दिया जाएगा।
