प्रधानमंत्री मोदी के विकास और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगा सेवा संकल्प अभियान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, दीप प्रज्ज्वलन और जनकल्याणकारी गतिविधियों में अधिक से अधिक जनभागीदारी के निर्देश
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रज्ज्वलित विकास का दीपक देशभर में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का प्रकाश फैला रहा है। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को समत्व भवन में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ग्राम और नगर स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित करने, जिम्मेदारियां तय करने तथा प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर को बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर आभार प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश में दीप प्रज्ज्वलन का विश्व रिकॉर्ड कायम करने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के अंतर्गत जबलपुर में राज्य स्तरीय ह्यूमन रंगोली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अभियान के सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, लाभार्थी परिवारों और सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया और रक्तदान शिविर
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उज्जैन के महाकाल महालोक में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव सहभागिता करेंगे। प्रदेश के लाभार्थी परिवारों और संस्थाओं को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।
इसी दिन सभी स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने रक्त संग्रह, परिवहन और भंडारण की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय होंगे।
चित्रकला, भाषण प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत 19 से 26 सितंबर तक जिलास्तर पर तथा 4 और 5 अक्टूबर को राज्यस्तर पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें शासकीय और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों की भागीदारी रहेगी। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह होंगे।
‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ गतिविधि 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलेगी। इसके अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा और जनकल्याण की कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी। संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी इस कार्यक्रम के राज्य प्रभारी होंगे।
आंगन मिलन सेवा से स्वास्थ्य और पोषण का संदेश
‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में किया जाएगा। बच्चों और माताओं के लिए स्वल्पाहार, खेल सामग्री एवं पठन सामग्री की व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और स्वच्छता संबंधी जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री की अपील का वीडियो भी महिलाओं और बच्चों को दिखाया जाएगा। कार्यक्रम की राज्य प्रभारी महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया होंगी।
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के अनुभव एवं आभार संदेश प्रसारित किए जाएंगे। कार्यक्रम की राज्य प्रभारी नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी होंगी।
7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सेवा ज्योति कलश यात्रा
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान जिला विकास पुस्तिकाओं का वितरण तथा जिले में हुए विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग होंगे।
‘बड़नगर (गुजरात)-वाराणसी सेवा यात्रा’ 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी और प्रदेश के सभी जिलों से होकर गुजरेगी। इसके प्रभारी लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल होंगे।
सेवा सेतु शिविरों में हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 2 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इसमें समाज के सभी वर्गों और संस्थाओं की सहभागिता से विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह होंगे।
‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत 2 से 10 अक्टूबर तक विकासखंड स्तर और नगरीय निकायों में जोनवार शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस कार्यक्रम को जनविश्वास अभियान से भी जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल होंगे।
‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत 9 और 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में व्यापक जनभागीदारी से ह्यूमन रंगोली का निर्माण किया जाएगा। इसके राज्य प्रभारी अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान होंगे।
नवाचार और सुशासन पर भी होंगे कार्यक्रम
‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ कार्यक्रम 12 अक्टूबर को आयोजित होगा। इसमें इन्क्यूबेटर्स, स्टार्टअप लीडर्स और इनोवेटर्स सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राकेश शुक्ला होंगे।
‘सुशासन सेवा संवाद’ कार्यक्रम 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के पंच-सरपंच शामिल होंगे। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल होंगे।
‘25 साल—25 कहानियां’ कार्यक्रम के अंतर्गत सभी जिलों में गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग के परिवारों को केंद्र सरकार की ओर से प्राप्त किट्स भेंट की जाएंगी। वहीं ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा इन्फ्लूऐंसर एक्सचेंज’ कार्यक्रम के तहत अन्य राज्यों से आए सोशल मीडिया इन्फ्लूऐंसर प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे। दोनों कार्यक्रमों के राज्य प्रभारी उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार होंगे।
छिंदवाड़ा से अधिकारी वर्चुअली जुड़े
बैठक में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, निर्मला भूरिया, विश्वास सारंग, नागर सिंह चौहान, राकेश शुक्ला, इंदर सिंह परमार और राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल वर्चुअली शामिल हुए। समत्व भवन में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
छिंदवाड़ा जिले से कलेक्टर हरेंद्र नारायण, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन सहित अन्य अधिकारी कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभा कक्ष से वर्चुअली जुड़े। मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु मेगा शिविरों की विकासखंडवार एवं जोनवार तैयारियां समय पर पूर्ण कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिभागियों के आवागमन, भ्रमण और भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने को कहा।