तीरंदाजी विश्वकप में स्वर्ण पदक जीतने पर धीरज बोम्मादेवरा को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई
मैक्सिको में पुरुषों की रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर बढ़ाया देश का मान
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तीरंदाजी विश्वकप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा को बधाई दी है।
मैक्सिको में आयोजित पुरुषों की रिकर्व स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में धीरज बोम्मादेवरा ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर देश का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि के साथ वे तीरंदाजी विश्वकप में व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष तीरंदाज बने हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बधाई देते हुए कहा कि बोम्मादेवरा की यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, अथक परिश्रम और अटूट संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश के लिए कुछ कर गुजरने का उनका जज्बा युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने धीरज बोम्मादेवरा को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
