सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने ली बैठक17 अक्टूबर तक जिलेभर में होंगे जनसेवा के विभिन्न कार्यक्रमअधिकारियों को समन्वय के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने ली बैठक

17 अक्टूबर तक जिलेभर में होंगे जनसेवा के विभिन्न कार्यक्रम

अधिकारियों को समन्वय के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश

छिंदवाड़ा। प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने सर्किट हाउस छिंदवाड़ा में जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों एवं आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की।

प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि राज्य शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जनसेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा देना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार करना, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना, स्वच्छता एवं सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा अधिक से अधिक नागरिकों को सेवा एवं विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने अभियान के सभी कार्यक्रमों का गंभीरता एवं व्यवस्थित तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विभिन्न सेवा गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों से उनके दायित्वों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों को स्पष्ट रूप से समझें और निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करें। उन्होंने विभागों, अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि प्रभावी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित हो।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सेवा गतिविधियों में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान का व्यापक प्रभाव दिखाई दे और अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें। उन्होंने जिले में प्रस्तावित कलश यात्रा एवं सेवा यात्रा के निर्धारित मार्गों की जानकारी लेते हुए अन्य कार्यक्रमों की कार्ययोजना की भी समीक्षा की।

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कार्यक्रमों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह, एएसपी श्री आशीष खरे, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने