मुख्यमंत्री डॉ. यादव 19 सितंबर को मेधावी विद्यार्थियों को देंगे ई-स्कूटी की सौगात
मेरिट में स्थान बनाने वाले 7,500 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा योजना का लाभ
भोपाल/छिंदवाड़ा। प्रदेश के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 सितंबर को ई-स्कूटी की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री भोपाल से ‘मुख्यमंत्री स्कूटी योजना’ के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी का वितरण करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर, भोपाल में सुबह 10 बजे आयोजित होगा।
इस योजना का उद्देश्य शासकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और उच्च शिक्षा के लिए आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को लाभ दिया जाता है। इसमें स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित रूप से अध्ययनरत सभी संकायों के विद्यार्थी शामिल हैं।
7,500 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के 7,500 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी प्रदान की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को कॉलेज एवं उच्च शिक्षा संस्थानों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी उच्च शिक्षा की राह भी आसान होगी।
अब तक 23 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित
मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित इस योजना के अंतर्गत अब तक प्रदेश के 23 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के संचालन पर अब तक लगभग 246 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इससे शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में बेहतर प्रदर्शन के प्रति उत्साह बढ़ने के साथ उच्च शिक्षा की ओर उनकी भागीदारी को भी मजबूती मिल रही है।
