मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की17 सितंबर से शुरू होगा अभियान, गांव से शहर तक जनभागीदारी पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की

17 सितंबर से शुरू होगा अभियान, गांव से शहर तक जनभागीदारी पर जोर

सिवनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के अधिकारियों से चर्चा कर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी, सेवा और जनकल्याण से जोड़कर प्रभावी एवं यादगार बनाया जाए। उन्होंने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों तक अभियान की गतिविधियों की पहुंच सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक नागरिकों को सहभागी बनाने के निर्देश दिए।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम 7 बजे जिले के चिन्हित स्थलों के साथ ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने आयोजन में नागरिकों, लाभार्थी परिवारों, सामाजिक संस्थाओं एवं अन्य संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्था के निर्देश दिए।

अभियान के तहत स्वास्थ्य केन्द्रों एवं मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने ब्लड बैंक, रेडक्रॉस एवं मेडिकल कॉलेज के समन्वय से चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने को कहा।

विद्यार्थियों की होगी विशेष सहभागिता

‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों तथा कॉलेजों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। जिले में श्रेष्ठ चित्रों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पहुंचेगा सेवा का संदेश

‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के तहत सेवा और समर्पण की प्रेरणादायी कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी। इसके लिए जिले में कम से कम 10 नुक्कड़ नाटक दल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इन दलों के पूर्वाभ्यास के बाद हाट-बाजार, मुख्य बाजार, कॉलोनी एवं बस्तियों में प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट नाट्य दलों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

आंगनवाड़ी केन्द्र भी अभियान से जुड़ेंगे

‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत जिले के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों को अभियान से जोड़ा जाएगा। यहां बच्चों एवं माताओं के लिए पोषक स्वल्पाहार, फल, मिठाई, खेल सामग्री एवं उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण एवं स्वच्छता जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी।

‘सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे मेगा शिविर

समीक्षा के दौरान ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर और नगरीय निकायों में जोनवार मेगा शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा। आवेदनों के पंजीयन से लेकर निराकरण एवं हितलाभ वितरण तक की जानकारी व्यवस्थित रूप से संधारित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की प्रत्येक गतिविधि में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित हो और इसका प्रभाव गांव से लेकर शहर तक दिखाई दे। उन्होंने कार्यक्रमों की पूर्व तैयारी, व्यापक प्रचार-प्रसार, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा गतिविधियों के व्यवस्थित अभिलेखीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर नेहा मीना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंजली शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने