यात्री परिवहन विजन समिट-2026 में तय होगी मध्यप्रदेश की नई मोबिलिटी दिशास्मार्ट, सुगम और सुरक्षित परिवहन पर होगा मंथन, पीपीपी मॉडल से निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

यात्री परिवहन विजन समिट-2026 में तय होगी मध्यप्रदेश की नई मोबिलिटी दिशा

स्मार्ट, सुगम और सुरक्षित परिवहन पर होगा मंथन, पीपीपी मॉडल से निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

भोपाल। मध्यप्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था को स्मार्ट, सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार बड़ी पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का आयोजन 11 एवं 12 सितंबर को इंदौर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा।

परिवहन विभाग द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय समिट में निजी बस ऑपरेटर, नीति निर्माता, परिवहन विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे। समिट में प्रदेश की यात्री परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने, निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विस्तार से मंथन किया जाएगा। स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

समिट का मुख्य फोकस मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना पर रहेगा। इसका उद्देश्य प्रदेश में अधिक कनेक्टेड, डिजिटल रूप से सक्षम, वित्तीय रूप से मजबूत और नागरिक-केंद्रित यात्री परिवहन व्यवस्था विकसित करना है।

पीपीपी मॉडल से बढ़ेंगे निवेश के अवसर

समिट में परिवहन क्षेत्र में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल को बढ़ावा देने, निवेश एवं रोजगार के नए अवसर विकसित करने तथा निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही मोबिलिटी विजन-2030 रोडमैप, डिजिटल मोबिलिटी, स्वच्छ परिवहन और सरकार-उद्योग सहयोग जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।

आठ सत्रों में होगा मंथन

दो दिवसीय समिट में आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें यात्री सुरक्षा, ग्रीन मोबिलिटी, स्वच्छ ईंधन, इलेक्ट्रिक एवं हाइड्रोजन वाहन, एकीकृत टिकटिंग, स्वचालित किराया संग्रह, डिजिटल टिकटिंग, फ्लीट मैनेजमेंट और स्मार्ट बस स्टॉप सहित आधुनिक परिवहन व्यवस्था से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।

रोजगार और तकनीक पर भी रहेगा जोर

समिट के माध्यम से बस परिवहन, इलेक्ट्रिक एवं हाइड्रोजन मोबिलिटी, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम, एआई एवं डेटा एनालिटिक्स, पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम और मोबिलिटी-एज-ए-सर्विस जैसे क्षेत्रों में निवेश एवं नवाचार की संभावनाओं पर चर्चा होगी। इससे प्रदेश में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।

समिट में टाटा मोटर्स, ईकेए मोबिलिटी, ग्रीनसेल मोबिलिटी, वोल्वो-आयशर, स्विच मोबिलिटी, रैपिडो, चलो मोबिलिटी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन सहित परिवहन क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख कंपनियां सहभागिता करेंगी। इसके अलावा बीआईटीएस पिलानी, सीईपीटी अहमदाबाद, केपीएमजी और अन्य संस्थानों के विशेषज्ञ भी अपने सुझाव साझा करेंगे।

प्रदेश सरकार का लक्ष्य समिट के माध्यम से निवेश, नवाचार और सार्वजनिक-निजी भागीदारी को बढ़ावा देते हुए मध्यप्रदेश में भविष्य के अनुरूप आधुनिक और नागरिक-केंद्रित यात्री परिवहन व्यवस्था तैयार करना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default