प्रधानमंत्री मोदी ने वडोदरा से टांडा रोड के बीच नई ट्रेन सेवा का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री वैष्णव का जताया आभार
भोपाल। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश के धार जिले के टांडा रोड स्टेशन से वडोदरा के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क पर चार मालगाड़ियों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस अवसर पर वडोदरा-रतलाम के बीच तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। नई यात्री ट्रेन सेवा एवं रेल अधोसंरचना के विस्तार से मध्यप्रदेश और गुजरात के बीच यात्री एवं माल परिवहन को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई रेल सुविधाओं से यात्री एवं माल परिवहन क्षमता में वृद्धि होगी। रेल मार्ग पर भीड़ और परिवहन संबंधी बाधाएं कम होंगी तथा मध्यप्रदेश और गुजरात के बीच माल परिवहन संपर्क और अधिक मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में परिवहन के विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस महत्वपूर्ण रेल सौगात के लिए प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।
