मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शारजाह में बी-आह मुख्यालय का किया दौरा
वेस्ट-टू-एनर्जी, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और ग्रीन मोबिलिटी में निवेश व तकनीकी साझेदारी पर हुई चर्चा
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह स्थित बी-आह (BEEAH) मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बी-आह ग्रुप के सीईओ एवं वाइस-चेयरमैन श्री खालिद अल हुरैमल के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में मध्यप्रदेश में वेस्ट-टू-एनर्जी, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सर्कुलर इकोनॉमी और ग्रीन मोबिलिटी के क्षेत्र में निवेश एवं तकनीकी साझेदारी की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बी-आह ग्रुप को मध्यप्रदेश के नगरीय निकायों में म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट और वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं में निवेश तथा तकनीकी सहयोग के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश स्वच्छ ऊर्जा और सस्टेनेबल अर्बन डेवलपमेंट के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आधुनिक तकनीक और सर्कुलर इकोनॉमी के क्षेत्र में बी-आह का अनुभव प्रदेश के स्मार्ट सिटी और क्लीन एनर्जी विजन के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
इंदौर के स्वच्छता मॉडल से साझेदारी की संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने भारत के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और बायो-सीएनजी मॉडल का उल्लेख करते हुए बी-आह के साथ मिलकर आधुनिक कचरा प्रबंधन समाधान विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऐसी साझेदारी से कचरे के बेहतर उपयोग के साथ लैंडफिल पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
जीआईएस-2027 में सहभागिता का निमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बी-आह के ग्रुप सीईओ श्री खालिद अल हुरैमल को भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने बी-आह ग्रुप से मध्यप्रदेश को अपनी भविष्य की निवेश एवं विस्तार योजनाओं में प्रमुख गंतव्य के रूप में शामिल करने का आग्रह किया।
अत्याधुनिक फैसिलिटी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने बी-आह की विभिन्न अत्याधुनिक सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने औद्योगिक कचरे, सीवेज वेस्ट, वेस्ट री-प्रोसेसिंग और इनर्ट मटेरियल के उपचार एवं निपटान से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विशेषज्ञों ने मुख्यमंत्री को यहां उपयोग की जा रही आधुनिक तकनीकों और पर्यावरणीय प्रबंधन प्रणाली से अवगत कराया।
प्रसिद्ध वास्तुकार ज़ाहा हदीद द्वारा डिजाइन किया गया बी-आह का मुख्यालय सस्टेनेबिलिटी, इनोवेशन और एआई आधारित तकनीक का आधुनिक उदाहरण है। बी-आह पर्यावरण सेवाओं, वेस्ट मैनेजमेंट, रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रीन मोबिलिटी और तकनीकी समाधान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को मध्यप्रदेश में हरित निवेश, आधुनिक कचरा प्रबंधन और टिकाऊ शहरी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
