शारजाह और मध्यप्रदेश के बीच आर्थिक साझेदारी मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शारजाह चैंबर के चेयरमैन से की भेंट, जीआईएस-2027 में शामिल होने का दिया निमंत्रण
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित एनुअल इन्वेस्टमेंट मीटिंग (एआईएम कांग्रेस-2026) के दौरान शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं एक्सपो सेंटर के चेयरमैन श्री अब्दल्ला सुल्तान अल ओवैस से भेंट की। इस दौरान मध्यप्रदेश और शारजाह के बीच आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री अल ओवैस को भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने शारजाह से उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल को मध्यप्रदेश आने तथा दोनों क्षेत्रों के उद्यमियों के बीच सेक्टर आधारित बी-2-बी बैठकें आयोजित करने का प्रस्ताव रखा।
एमएसएमई और निर्यातकों को मिलेगा वैश्विक बाजार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के एमएसएमई और निर्यातकों को खाड़ी देशों के प्रमुख खरीदारों एवं वितरकों से जोड़ने में शारजाह चैंबर की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उन्होंने शारजाह की कंपनियों को प्रदेश के फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड चेन, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, रिन्यूएबल एनर्जी और पर्यटन क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी केंद्रीय भौगोलिक स्थिति, प्रतिस्पर्धी लागत, पर्याप्त औद्योगिक भूमि, मजबूत अधोसंरचना और देश के प्रमुख बाजारों से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनकर उभर रहा है। राज्य सरकार पारदर्शी नीतियों, सिंगल-विंडो व्यवस्था और उद्योग-अनुकूल वातावरण के माध्यम से निवेशकों को आवश्यक सहयोग प्रदान कर रही है।
व्यापार, रोजगार और तकनीकी सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
डॉ. यादव ने कहा कि शारजाह का व्यापक व्यापारिक नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी मध्यप्रदेश के स्थानीय उत्पादों के निर्यात, कौशल विकास, रोजगार सृजन और तकनीकी हस्तांतरण के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। दोनों पक्षों के बीच व्यापारिक सहयोग बढ़ाने के लिए निरंतर संवाद और व्यावसायिक संपर्क को मजबूत करने पर भी सहमति बनी।
शारजाह की विकास यात्रा की जानकारी ली
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शारजाह की विकास यात्रा के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। श्री अब्दल्ला सुल्तान अल ओवैस ने शारजाह चैंबर के प्रदर्शनी हॉल में आयोजित प्रदर्शनी के माध्यम से वर्ष 1974 से अब तक शारजाह के विकास की प्रमुख उपलब्धियों और आर्थिक विस्तार की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
बैठक को मध्यप्रदेश और शारजाह के बीच निवेश, व्यापार, निर्यात और औद्योगिक सहयोग के नए अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
