पढ़ाई के साथ युवाओं को रोजगार भी दिला रही हमारी सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
आईटी पार्क और इंजीनियरिंग कैंपस में युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य
सिंहस्थ-2028 के लिए जरूरी विकास कार्य शीघ्र पूरे किए जा रहे हैं
भोपाल/छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में युवाओं को सुगमता से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार कई नवाचारी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जा रही है, जिससे इंदौर-उज्जैन सहित प्रदेश के सभी आईटी पार्क और इंजीनियरिंग कैंपस में युवाओं को पढ़ाई के साथ रोजगार के नए अवसर भी मिल सकें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार इंदौर-भोपाल मेट्रोपॉलिटन सिटी एरिया विकसित कर रही है। इससे भविष्य में राज्य के सर्वांगीण विकास के साथ नई तकनीक और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार रोजगार उपलब्ध कराने वाली औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, उत्पादन और सेवा क्षेत्र सहित हर दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 की सभी तैयारियां भी जारी हैं। सरकार सिंहस्थ के लिए जरूरी सभी विकास कार्यों को शीघ्रता से पूरा करा रही है।
मार्ग चौड़ीकरण में स्वेच्छा से सहयोग अभिनंदनीय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन शहर के मध्य बाबा महाकाल के मुख्य मार्ग का वृहद स्तर पर चौड़ीकरण किया जा रहा है। यह उज्जैन शहर के विकास, विस्तार और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे सिंहस्थ के दौरान देश-दुनिया से बड़ी संख्या में उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण में स्थानीय लोग स्वेच्छा से जिला प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। ऐसे सभी स्वैच्छिक सहयोगी प्रशंसा और हार्दिक अभिनंदन के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को आईटी पार्क और उज्जैन शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के अवलोकन के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिलाधिकारी भी उपस्थित रहे।