जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया खेल कौशल
सरस्वती शिशु मंदिर पालाखेड़ में आयोजित प्रतियोगिता में 238 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
छिंदवाड़ा। विद्या भारती केशव शिक्षा समिति महाकौशल प्रांत जबलपुर के ग्राम भारती छिंदवाड़ा द्वारा आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर पालाखेड़ में किया गया। यह प्रतियोगिता विद्या भारती के अमृत वर्ष के 31वें समारोह के अंतर्गत ज्ञान प्रकाश शिक्षा समिति उमरानाला द्वारा संचालित विद्यालय में संपन्न हुई।
प्रतियोगिता में बाल वर्ग के 106 भैया, 71 बहिनें, 22 आचार्य, 27 दीदियां, 7 वाहन चालक एवं 5 अन्य सहयोगियों सहित कुल 238 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायक टोली का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजन के दौरान पालाखेड़ संयोजक मंडल द्वारा सभी भैया-बहिनों के लिए सहभोज की व्यवस्था की गई। ग्राम भारती छिंदवाड़ा की ओर से विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का मंच संचालन संकुल प्रमुख रविंद्र वाडुदे ने किया। मुख्य अतिथि रामभरोस डिगरसे, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह सदन साहू, भाजपा पांढुर्णा के उपाध्यक्ष तथा ग्राम भारती अध्यक्ष नंदकुमार शुक्ला ने आशीर्वचन प्रदान किए। ग्राम भारती उपाध्यक्ष चंद्रभान भादे ने प्रतियोगिता का वृत्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
जिला समन्वयक रामदास ढोक ने विजेता भैया-बहिनों को शुभकामनाएं देते हुए प्रांतीय प्रतियोगिता में शामिल होने की तिथि एवं स्थान की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में संयोजक विजय चौधरी ने आभार व्यक्त किया।
