सेवा संकल्प अभियान से जनभागीदारी के जरिए विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे : कमल पटेल17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, छिंदवाड़ा में होंगे सेवा, सुशासन और जनकल्याण के विविध कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान से जनभागीदारी के जरिए विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे : कमल पटेल

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, छिंदवाड़ा में होंगे सेवा, सुशासन और जनकल्याण के विविध कार्यक्रम

छिंदवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक मध्यप्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को लेकर पूर्व मंत्री कमल पटेल ने भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के साथ पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।

पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला जनभागीदारी का अभियान बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा भारत के बढ़ते सामर्थ्य, आत्मविश्वास और विकास की यात्रा है। प्रधानमंत्री ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाकर गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के कल्याण को शासन के केंद्र में रखा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। आवास, शौचालय, खाद्यान्न, स्वास्थ्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और कोविड महामारी के दौरान टीकाकरण जैसे कार्यों से करोड़ों परिवार लाभान्वित हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा देश के नागरिकों के सामर्थ्य, परिश्रम और आत्मविश्वास का सम्मान है।

17 सितंबर को सेवा दिवस, 71,930 बूथों पर जलेगा आशीर्वाद का दीया

कमल पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। इसी दिन शाम 7 बजे मध्यप्रदेश के सभी 71,930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। प्रत्येक परिवार द्वारा प्रज्वलित दीपक प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा।

अभियान के दौरान 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान, स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत—चित्र सेवा’, नुक्कड़ नाटक एवं संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ तथा प्रदेश के 11,404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी।

7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

पूर्व मंत्री ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित की जाएगी। पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ता एवं आमजन प्रधानमंत्री की सेवा और विकास यात्रा का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने बताया कि वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा भी अभियान का प्रमुख आकर्षण होगी। 250 बाइक पर 500 यात्री वडनगर से यात्रा प्रारंभ कर विभिन्न मार्गों से काशी पहुंचेंगे। देशभर में प्रस्तावित 20 यात्राओं में से 13 यात्राएं मध्यप्रदेश से होकर गुजरेंगी।

बूथ स्तर तक पहुंचेगा सेवा संकल्प अभियान

कमल पटेल ने कहा कि अभियान को बूथ स्तर तक ले जाकर युवा, महिलाएं, किसान, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, लाभार्थी और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक कार्यकर्ता ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत समाजसेवा की गतिविधियों में योगदान देगा।

‘सेवा सेतु कैंप’ के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने तथा आवेदन प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर मानव रंगोली और अन्य रचनात्मक गतिविधियों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत का संदेश दिया जाएगा।

पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ ही सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना है। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा को याद करने के साथ ही सेवा की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। लाभार्थी विकास के दूत, युवा विकसित भारत के निर्माता और प्रत्येक नागरिक राष्ट्र निर्माण में सहभागी बने, इसी उद्देश्य से अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से जनता को विकसित भारत के निर्माण का सहभागी बनाएगी। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन का संकल्प बनाने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

पत्रकार वार्ता में ये रहे उपस्थित

पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री कमल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश पोफली, अभियान के जिला संयोजक कमलेश उईके, जिला महामंत्री विजय पांडे, जिला अभियान टोली के सदस्य भारत घई एवं अभिलाष गौहर, सेवा सुशासन अभियान के संभाग प्रभारी टीकाराम चंद्रवंशी, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट नितिन मोहन डेहरिया, विक्रम सोनी एवं रोशन सिंगानपुरे उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने