घंसौर में वृहद रक्तदान शिविर, रक्तवीरों ने किया 30 यूनिट रक्तदान
जिला प्रशासन के रक्तदान एवं जागरूकता अभियान को मिल रहा जनसहयोग
सिवनी। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशानुसार जिला प्रशासन सिवनी द्वारा जिलेभर में ‘वृहद रक्तदान एवं जागरूकता अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में घंसौर में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 30 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अन्य नागरिकों से भी इस पुनीत कार्य में आगे आने की अपील की।
जिला प्रशासन के इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के साथ ही समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिल रहा है।
घंसौर में आयोजित शिविर के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं स्थानीय प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। जिला प्रशासन ने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से रक्तदान करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की है।
