छिंदवाड़ा । कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को विभिन्न मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने फूड सेफ्टी टीम को निर्देश दिए कि खाद्य सामग्रियों के सैंपल लेने के साथ होटल एवं रेस्टोरेंट के किचन का भी स्वच्छता की दृष्टि से औचक निरीक्षण किया जाए। जहां आवश्यक स्वच्छता मानकों का पालन नहीं पाया जाए, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह को इसकी साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए।
5 सितंबर को सुसरई में लगेगा सीएम जन-विश्वास शिविर
कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत निर्धारित रोस्टर में आंशिक संशोधन किया गया है। जन्माष्टमी पर्व के कारण अगला क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम अब शनिवार 5 सितंबर को छिंदवाड़ा ब्लॉक के ग्राम सुसरई में आयोजित होगा। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को ग्राम पंचायत भवन सुसरई में आयोजित शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पिछले चार शिविरों में प्राप्त लंबित शिकायतों का भी शीघ्र निराकरण कराने को कहा। शिविर के प्रथम चरण में अधिकारी सुसरई एवं आसपास के क्षेत्रों में अपने विभाग से संबंधित संस्थाओं का औचक निरीक्षण करेंगे और परख ऐप पर निरीक्षण प्रतिवेदन दर्ज करेंगे। इसके बाद द्वितीय सत्र में शिविर स्थल पर पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे तथा संबंधित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण करेंगे।
फॉर्मर रजिस्ट्री और बकेटिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को फॉर्मर रजिस्ट्री एवं बकेटिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कम प्रगति वाले तहसीलदारों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने पटवारियों के कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। प्रत्येक पटवारी के लिए प्रतिदिन के कार्य का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आगामी सप्ताह तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर संबंधित तहसीलदार की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिला अस्पताल में रात में भी हो सफाई
कलेक्टर ने सिविल सर्जन को जिला अस्पताल के टॉयलेट्स की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिन के साथ रात में भी आकस्मिक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था की जांच की जाए। अस्पताल परिसर में हाईजीन का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
दिसंबर तक ऋण योजनाओं के लक्ष्य पूरे करने के निर्देश
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति दिसंबर तक सुनिश्चित की जाए। विभाग पर्याप्त संख्या में ऋण प्रकरण बैंकों को भेजें और बैंकर्स के साथ बेहतर समन्वय कर प्रकरणों का समय पर निराकरण कराएं।
अन्य प्रकरणों की भी हुई समीक्षा
बैठक में कलेक्टर ने तहसीलदारों को राजस्व वसूली बढ़ाने, जनपद सीईओ को ई-केवायसी का कार्य एक सप्ताह में 97 प्रतिशत से अधिक करने तथा अवमानना प्रकरणों में जवाब दर्ज कराने के निर्देश दिए। डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम के लिए लार्वा की जांच एवं विनष्टीकरण का कार्य लगातार जारी रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
