छिंदवाड़ा, । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्वशासी पीजी महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन और आईआईटी दिल्ली के बीच हुए एमओयू के तहत महाविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं फिनटेक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों का शुभारंभ 15 सितंबर 2026 से होगा।
स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण में अंतिम वर्ष एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थियों को सीवी निर्माण, SWOT विश्लेषण, कम्युनिकेशन स्किल, ग्रुप डिस्कशन सहित रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण दक्षताओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं छात्राओं को फैशन डिजाइनिंग प्रशिक्षण के माध्यम से नवीन डिजाइनों और वर्तमान ट्रेंड्स की जानकारी दी जा रही है।
संभागीय नोडल अधिकारी, स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना डॉ. पी.एन. सनेसर ने बताया कि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. लक्ष्मीचंद के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आईआईटी दिल्ली के सहयोग से शुरू होने वाले एआई एवं फिनटेक प्रशिक्षण के लिए पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
1 सितंबर तक करा सकेंगे पंजीयन
एआई एवं फिनटेक प्रशिक्षण के लिए स्नातक अंतिम वर्ष एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थी पात्र हैं। इच्छुक विद्यार्थी 1 सितंबर तक एक पासपोर्ट साइज फोटो के साथ दोपहर 12 बजे तक साइंस बिल्डिंग स्थित कंप्यूटर विभाग में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
पंजीयन के बाद 7 सितंबर को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के आधार पर एआई प्रशिक्षण के लिए 16 तथा फिनटेक प्रशिक्षण के लिए 16 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को महाविद्यालय में ही ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण 15 सितंबर 2026 से प्रारंभ होगा।
