पन्ना में समाजवादी पार्टी का बड़ा सियासी दांव
51 सदस्यीय जंबो कार्यकारिणी का ऐलान!!
पन्ना।। पन्ना की राजनीति में बुधवार को नव जोश का संचार हुआ, जब वेनीसागर के संकल्प गार्डन में समाजवादी पार्टी की 51 सदस्यीय नई जिला कार्यकारिणी का धमाकेदार ऐलान किया गया। जिला अध्यक्ष जयराम यादव की अगुवाई में घोषित इस टीम में संगठन को मजबूत करने के लिए युवा जोश और अनुभवी चेहरों का शानदार संतुलन साधा गया है, जहां महिपाल सिंह मरावी को प्रमुख महासचिव, सतीश द्विवेदी व ओम प्रकाश सोनी को प्रवक्ता तथा राम प्रकाश सिंह लोधी व शिव सिंह यादव को विधानसभा अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं द्वारा पार्टी की सदस्यता ग्रहण करना यह साफ बयां करता है कि पन्ना की जमीन पर समाजवादी कुनबा तेजी से और मजबूत इरादों के साथ विस्तार ले रहा है।
'पीडीए' फॉर्मूले से सपा साधेगी जिले की सियासत!!
नव-नियुक्त पदाधिकारियों में उत्साह भरते हुए जिला अध्यक्ष जयराम यादव ने दो टूक शब्दों में संदेश दिया कि यह महज पदों का औपचारिक बंटवारा नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर संगठन को धरातल पर सींचने का महाअभियान है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को पन्ना के चप्पे-चप्पे तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए उन्होंने साफ कर दिया कि अब हर कार्यकर्ता को कागजी बैठकों से बाहर निकलकर गांव-गांव, बूथ-बूथ और मोहल्ले-मोहल्ले तक दस्तक देनी होगी। अन्याय और पीड़ा के खिलाफ आमजन की आवाज बनने का यह संकल्प आने वाले दिनों में पन्ना के राजनीतिक समीकरणों में बड़ा भूचाल लाने की पूरी ताकत रखता है।
Tags
पन्ना जिला