अंतरराष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस पर जिला चिकित्सालय में जागरूकता कार्यक्रमरोल प्ले के माध्यम से सुरक्षित गर्भपात के महत्व और असुरक्षित गर्भपात से होने वाली जटिलताओं की दी जानकारी

अंतरराष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस पर जिला चिकित्सालय में जागरूकता कार्यक्रम

रोल प्ले के माध्यम से सुरक्षित गर्भपात के महत्व और असुरक्षित गर्भपात से होने वाली जटिलताओं की दी जानकारी

छिन्दवाड़ा। कलेक्टर हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन तथा डीन डॉ. अभय कुमार सिन्हा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अर्चना कैथवास एवं सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में डीएलसी सदस्य डॉ. यू.सी. जैन, डॉ. मनन गोगिया, डॉ. अल्पना शुक्ला, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के डॉ. सिरपुरकर तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपि महाजन उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग, प्रशिक्षित सीएसी अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, मैट्रन, नर्सिंग इंचार्ज एवं नर्सिंग ऑफिसर भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षित गर्भपात के महत्व, असुरक्षित गर्भपात से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं तथा गर्भपात से जुड़ी भ्रांतियों और कुप्रथाओं के संबंध में जानकारी दी गई। महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य संस्था पहुंचकर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में सुरक्षित गर्भपात सेवाएं प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।

रोल प्ले रहा विशेष आकर्षण

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सुरक्षित गर्भपात विषय पर प्रस्तुत जागरूकता आधारित रोल प्ले रहा। इसके माध्यम से असुरक्षित गर्भपात से होने वाली परेशानियों, सामाजिक भ्रांतियों एवं कुप्रथाओं तथा सुरक्षित गर्भपात के महत्व को सरल, रोचक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया।

रोल प्ले में श्रीमती भावना मोहड़, श्री सी.के. पटवा, श्रीमती ललिता, रजनी, प्रियंका, मंगला एवं अरिमा ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति के माध्यम से उपस्थितजनों को सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया, जिसे सभी ने सराहा।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षित गर्भपात सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, असुरक्षित गर्भपात से होने वाली मातृ स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं को कम करना तथा महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन डीपीएचएनओ श्रीमती वंदना परिहार द्वारा किया गया, जबकि एंकरिंग श्रीमती भावना मोहड़ राय ने की।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने