सेवा संकल्प अभियान के तहत नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित
विद्यार्थियों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ, नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत
छिंदवाड़ा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के शासकीय कलापथक दल द्वारा डीडीसी कॉलेज एवं नवीन जवाहर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छिंदवाड़ा में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही नशे के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों एवं गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
शासकीय कलापथक दल के प्रमुख कलाकार नरेंद्र पाल ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में डॉ. पवन नेम उपस्थित रहे। कलाकार सुखसागर एवं सुरेश कुमरे ने भी जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर संबंधित संस्थाओं के प्राचार्य, एनएसएस अधिकारी, स्पोर्ट्स ऑफिसर, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शासकीय कलापथक दल का जागरूकता एवं भ्रमण कार्यक्रम 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में लगातार जारी रहेगा।