मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने शासकीय नवीन माध्यमिक शाला लोनिया का किया औचक निरीक्षण
विद्यार्थियों से किया संवाद, गणित एवं सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे, बेहतर भविष्य के लिए दिया मार्गदर्शन
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने फील्ड भ्रमण के दौरान शासकीय नवीन माध्यमिक शाला लोनिया का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा पहली से पांचवीं तथा कक्षा सातवीं एवं आठवीं के विद्यार्थियों की कक्षाओं में पहुंचकर उनसे सहज एवं आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से गणित, सामान्य ज्ञान एवं इतिहास से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान का आकलन किया।
प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में 25 तक के पहाड़े सुनाए। विद्यार्थियों की इस प्रस्तुति पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सामान्य ज्ञान बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने अपने भविष्य के लक्ष्य भी बताए। किसी ने शिक्षक, किसी ने डॉक्टर एवं इंजीनियर बनने की इच्छा जताई, जबकि कई विद्यार्थियों ने सेना और पुलिस में जाने की बात कही। कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू करने संबंधी मार्गदर्शन दिया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि वे नियमित रूप से अनुशासन के साथ पढ़ाई करें और अपने समय का सदुपयोग करें। समय पर सोने और जागने के साथ पढ़ाई, खान-पान एवं स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी दिनचर्या में खेलकूद को भी शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने शिक्षकों को विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान एवं समसामयिक विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थी भविष्य में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रारंभिक स्तर से ही तैयार हो सकें। उन्होंने शिक्षकों से चर्चा कर विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।