सेवा संकल्प अभियान : आंगनबाड़ी केंद्रों पर हो रहे विविध आयोजनस्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता के साथ हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा

सेवा संकल्प अभियान : आंगनबाड़ी केंद्रों पर हो रहे विविध आयोजन

स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता के साथ हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा

छिन्दवाड़ा। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विकासखंड मोहखेड़ के ग्राम जूनापानी में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य बबीता सल्लाम एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक सल्लाम ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान खेलकूद, मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं के साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की गोद भराई तथा नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराया जा रहा है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को बढ़ावा देने के लिए स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हितग्राहियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया जा रहा है।

जनसहयोग से न्योता भोज का आयोजन कर सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों को सम्मानित कर उनके योगदान को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविरों में महिलाओं एवं बच्चों की जांच की जा रही है। साथ ही संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में पोषण की भूमिका के संबंध में जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के साथ सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने