विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु समुदाय को शासन की योजनाओं का लाभ लेने किया प्रेरित
छिन्दवाड़ा । विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु समुदाय के अधिकारों, कल्याण और विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को शासकीय पी.जी. कॉलेज, छिंदवाड़ा में विमुक्ति दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु कल्याण विभाग, छिंदवाड़ा-पांढुर्णा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
समारोह में समुदाय के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास के साथ शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग श्री संगीत देशमुख विशेष रूप से उपस्थित रहे।
श्री देशमुख ने बताया कि कलेक्टर छिंदवाड़ा श्री हरेंद्र नारायन एवं कलेक्टर पांढुर्णा श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में यह संयुक्त आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना आवश्यक है। योजनाओं का लाभ लेकर समुदाय सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं समुदाय के प्रतिनिधियों ने विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु समाज के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही समुदाय के लोगों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया।
समारोह का समापन गरिमामय वातावरण में हुआ। इस दौरान उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
