ओरछा बनेगा पर्यटन का अद्भुत केंद्र, रामराजा लोक से निखरेगी बुंदेलखंड की पहचान : मुख्यमंत्री डॉ. यादवधार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सरकार की प्राथमिकता, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगा बढ़ावाराम-कृष्ण पथ के जरिए प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को आपस में जोड़ने की योजना

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
ओरछा बनेगा पर्यटन का अद्भुत केंद्र, रामराजा लोक से निखरेगी बुंदेलखंड की पहचान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सरकार की प्राथमिकता, स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

राम-कृष्ण पथ के जरिए प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को आपस में जोड़ने की योजना
भोपाल/ओरछा । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर उसे आने वाली पीढ़ियों से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। ऐतिहासिक नगरी ओरछा को पर्यटन के अद्भुत केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां निर्माणाधीन भव्य श्री रामराजा लोक बुंदेलखंड की पहचान को नई ऊंचाई देगा और धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था एवं रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को ओरछा पहुंचकर श्री रामराजा लोक में चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि ओरछा का श्री रामराजा मंदिर हमारी गौरवशाली ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां के प्राचीन मंदिर और महल बुंदेलखंड की समृद्ध स्थापत्य कला के अद्भुत उदाहरण हैं।

प्राचीन स्थापत्य और मूल स्वरूप का रखा जा रहा ध्यान

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन रामराजा लोक परिसर में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संचालकों से संवाद किया और उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।

उन्होंने जुझार सिंह महल में चल रहे निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया तथा जहांगीर महल का भ्रमण कर उसकी ऐतिहासिक एवं समृद्ध स्थापत्य कला का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान आर्किटेक्ट ने मुख्यमंत्री को मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन ‘सावन-भादो’ स्तंभों के संरक्षण और उनके स्थापत्य महत्व की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामराजा लोक के निर्माण के दौरान प्राचीन धरोहरों के मूल स्वरूप और ऐतिहासिक महत्व का विशेष ध्यान रखा जाए। नए निर्माण से इन ऐतिहासिक संरचनाओं को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे, यह सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

पुरानी तकनीक और सामग्री से हो रहा जीर्णोद्धार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ओरछा कभी गौरवशाली बुंदेला राजाओं की राजधानी रहा है। यहां के प्राचीन महल और भवन हमारी समृद्ध विरासत के प्रतीक हैं। इन ऐतिहासिक धरोहरों को उनके मूल स्वरूप में जीवंत करने के लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन समय में निर्माण में जिन सामग्रियों और तकनीकों का उपयोग किया जाता था, उन्हीं के अनुरूप जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इसके लिए कुशल कारीगरों द्वारा पारंपरिक स्थापत्य शैली को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जा रहा है।

राम-कृष्ण पथ से धार्मिक स्थलों को जोड़ने की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री महाकाल महालोक के निर्माण के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है और इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। इसी प्रकार ओरछा, चित्रकूट, दतिया, नलखेड़ा और मंदसौर के पशुपतिनाथ सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का समग्र विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राम-कृष्ण पथ के माध्यम से मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को आपस में जोड़ने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। भगवान श्रीराम के वनवास से जुड़े चित्रकूट तथा भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली उज्जैन के सांदीपनि आश्रम सहित उनसे जुड़े अन्य स्थानों को भी धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा में निर्मित हो रहा भव्य श्री रामराजा लोक आने वाले समय में देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख तीर्थस्थल बनेगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के विस्तार से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय लोगों की आय के साधनों को भी मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर श्री शिवप्रकाश, वरिष्ठ विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, विधायक निवाड़ी श्री अनिल जैन, श्री राजेश पटेरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कमिश्नर सागर श्री अनिल सुचारी, आईजी श्री मिथलेश शुक्ला तथा जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default