भोपाल को विकसित और हरित बनाने में मील का पत्थर साबित होगा मास्टर प्लान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रदेश में फिर शुरू हुई सुगम परिवहन सेवा, उज्जैन में धार्मिक पर्यटन के लिए बस सेवा का संचालन शुरू
सेवा ज्योति कलश कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी और अनुकम्पा नियुक्ति प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
भोपाल/छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल के मास्टर प्लान का ड्राफ्ट जारी किया गया है। यह मास्टर प्लान वर्ष 2047 तक भोपाल को विकसित और हरित शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने नागरिकों से मास्टर प्लान के प्रारूप पर अपने दावे-आपत्तियां एवं सुझाव प्रस्तुत करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे।
प्रदेश में फिर शुरू हुई सुगम परिवहन सेवा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और अनंत चतुर्दशी के अवसर पर प्रदेश में सुगम परिवहन सेवा के रूप में सरकारी बसों का संचालन पुनः शुरू हुआ है। इसके तहत शहरों में ई-बसें, जिलों के भीतर बस सेवा, एक जिले से दूसरे जिले को जोड़ने वाली बसें तथा अन्य राज्यों के लिए बस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उज्जैन में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बस सेवा का संचालन भी शुरू किया गया है।
मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों को मिली वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने बाघ गुफा चित्रकारी, गिन्नौरगढ़ किला, चंबल घाटी के मंदिर समूह और उदयगिरि गुफाओं को यूनेस्को की अस्थायी सूची में शामिल किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत की 78 अस्थायी धरोहरों में से 19 मध्यप्रदेश में होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिली है।
सेवा संकल्प अभियान में व्यापक जनभागीदारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत विभिन्न सेवा गतिविधियों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में प्रदेशभर में करीब 3 करोड़ 88 लाख दीये प्रज्ज्वलित किए गए। 650 से अधिक रक्तदान शिविरों में करीब 11 हजार यूनिट रक्त एकत्र हुआ।
भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में 87 हजार से अधिक स्कूल-कॉलेजों के 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। आंगन मिलन कार्यक्रम 43 हजार से अधिक आंगनवाड़ियों में आयोजित हो चुका है, जिसमें 17 लाख से अधिक माताओं और बच्चों ने सहभागिता की। नमो-सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत करीब 484 नुक्कड़ टोलियों ने 3 हजार से अधिक प्रस्तुतियां दीं।
वड़नगर से वाराणसी यात्रा के दौरान अब तक एक हजार ग्रामों और 190 नगरीय क्षेत्रों में 725 सभाएं आयोजित की गई हैं। सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम की 25 सेवा गतिविधियों में 9 लाख से अधिक नागरिकों और 10 हजार से अधिक संस्थाओं ने सहभागिता की। सेवा की कहानी कार्यक्रम में 5 लाख से अधिक प्रेरक कहानियां एवं आभार संदेश रिकॉर्ड किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाले सेवा ज्योति कलश कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हाइड्रोजन ट्रेन के बाद एलएनजी ट्रेन की शुरुआत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में हाइड्रोजन ट्रेन के बाद अब लिक्विड नेचुरल गैस (एलएनजी) से संचालित ट्रेन की शुरुआत हुई है। एलएनजी और डीजल दोनों से संचालित होने वाली इस ट्रेन से ईंधन लागत में कमी और प्रदूषण कम करने में मदद मिलने की बात कही गई।
एशियन गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने एशियन गेम्स-2026 के पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कबड्डी की महिला और पुरुष टीमों तथा महिला क्रिकेट टीम के स्वर्ण पदक जीतने का उल्लेख किया। महिला क्रिकेट में मध्यप्रदेश की क्रांति गौड़ ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। शूटिंग में खरगोन के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और भोपाल की आशी चौकसे ने भारत को रजत पदक दिलाया। देवास के जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में कांस्य पदक जीता। मुख्यमंत्री ने महिला ट्रैप शूटिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाली नीरू ढांडा को भी बधाई दी।
अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों के निराकरण के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में एक साथ 900 से अधिक अनुकम्पा नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। इनमें 600 से अधिक लिपिकीय और 200 से अधिक भृत्य के पद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अनुकम्पा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे दिवंगत शिक्षकों के परिजनों के लिए यह महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए अन्य सभी विभागों में भी अभियान चलाकर लंबित अनुकम्पा नियुक्ति प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
मुश्ताक खान के निधन पर मुख्यमंत्री ने व्यक्त की श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हिन्दी फिल्मों के अभिनेता और हास्य कलाकार मुश्ताक खान के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मुश्ताक खान का बचपन और शिक्षा-दीक्षा मध्यप्रदेश के बैहर और बालाघाट में हुई। उन्होंने अपनी प्रतिभा के बल पर अभिनय के क्षेत्र में पहचान बनाई और करीब 500 फिल्मों में काम किया।