एमबीबीएस इंटर्न्स ने स्टायपेंड बढ़ाने पर मुख्यमंत्री का माना आभार
मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिले इंटर्न्स प्रतिनिधि, पुष्पगुच्छ भेंट कर किया अभिवादन
भोपाल/छिन्दवाड़ा। प्रदेश के एमबीबीएस इंटर्न्स ने स्टायपेंड बढ़ाकर 21 हजार 500 रुपये किए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। एमबीबीएस इंटर्न्स के प्रतिनिधियों ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट किया और उनका अभिवादन किया।
वॉइस ऑफ इंटर्न्स मध्यप्रदेश के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्टायपेंड में वृद्धि केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि एमबीबीएस इंटर्न्स के परिश्रम, जिम्मेदारियों और मरीजों की सेवा में उनके योगदान के प्रति सम्मान एवं प्रोत्साहन का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एमबीबीएस इंटर्नशिप चिकित्सा शिक्षा का महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान इंटर्न्स प्रतिदिन अस्पतालों में मरीजों की सेवा, आपातकालीन चिकित्सा, वार्ड ड्यूटी, ओपीडी और नाइट ड्यूटी सहित विभिन्न चिकित्सकीय सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि एमबीबीएस इंटर्न्स द्वारा रोगियों की सेवा में दिया जा रहा योगदान सरकार और समाज, दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा के नेतृत्व में वॉइस ऑफ इंटर्न्स मध्यप्रदेश के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।