इंदौर में 150 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर स्मारक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, ऐतिहासिक धरोहरों को एकीकृत विकास योजना में शामिल करने के निर्देश
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर में लालबाग पैलेस के समीप लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर स्मारक के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। परियोजना के प्रथम चरण में 40 करोड़ रुपये के कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्मारक का समग्र विकास करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लालबाग पैलेस, रामपुर कोठी, चंपा बावड़ी और शिव मंदिर को एकीकृत विकास योजना में शामिल किया जाए, ताकि पर्यटक इन सभी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का एक साथ भ्रमण कर सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि संरक्षण कार्यों के दौरान भवनों के मूल स्थापत्य स्वरूप और ऐतिहासिक महत्व को सुरक्षित रखते हुए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं।
रामपुर कोठी का पारंपरिक तकनीक से हो रहा संरक्षण
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक रामपुर कोठी में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों का भी अवलोकन किया। भवन की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखने के लिए पारंपरिक चूना तकनीक से बाहरी दीवारों का संरक्षण और छतों पर वॉटरप्रूफिंग का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित जानकारी देने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पुराने आरटीओ भवन और रामपुर कोठी की भूमि पर विकसित की जा रही इस परियोजना का उद्देश्य लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के जीवन, न्यायप्रियता, सुशासन, जनसेवा और सांस्कृतिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
3डी प्रोजेक्शन, लाइट एंड साउंड शो और संग्रहालय होंगे प्रमुख आकर्षण
स्मारक में आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन और योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अंतर्गत डिजिटल प्रस्तुतियां, 3डी प्रोजेक्शन, चित्र एवं म्यूरल्स, लाइट एंड साउंड शो और संग्रहालय विकसित किए जाएंगे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और पर्यटकों को उनके सुशासन, न्यायप्रियता, जनकल्याणकारी कार्यों तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण में दिए गए योगदान को जानने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रवेश मार्ग और परिसर की रूपरेखा पर्यटकों की सुविधा के अनुरूप तैयार करने तथा सभी ऐतिहासिक स्थलों के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। यह कार्य देवी अहिल्याबाई होलकर स्मारक ट्रस्ट, इंदौर और मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष एवं स्मारक ट्रस्ट की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला और मधु वर्मा, कलेक्टर शिवम वर्मा, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति सहित स्मारक ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Tags
भोपाल छिंदवाड़ा