इंदौर में विशाल चुनरी यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
नवरात्रि का पर्व समाज में एकता, सद्भाव और सामाजिक समरसता का देता है संदेश
इंदौर। नवरात्रि के पावन पर्व पर रविवार को इंदौर में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर से प्रारंभ हुई विशाल चुनरी यात्रा में शामिल हुए। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा एरोड्रम क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना का पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, वैभव और आनंद लेकर आए। मां के आशीर्वाद से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा प्रदेश में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा की आराधना के साथ जीवन में शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने दशहरे और दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक हैं धार्मिक आयोजन
मुख्यमंत्री ने चुनरी यात्रा के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चुनरी यात्रा विभिन्न वर्गों, जातियों और पंथों के लोगों को एक साथ आने का अवसर प्रदान करती है। मां के दरबार में सभी समान हैं। यहां ऊंच-नीच, अमीर-गरीब और जाति-पंथ का कोई भेद नहीं होता। मां के प्रति श्रद्धा और आस्था सभी को एक सूत्र में बांधती है। ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और एकता को भी मजबूत करते हैं।
यात्रा के दौरान पूरा वातावरण माता रानी के जयकारों से भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने चुनरी यात्रा में शामिल होकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति के चलते मार्ग में जगह-जगह धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में वरिष्ठ विधायक एवं अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ और महेंद्र हार्डिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनके अलावा सुमित मिश्रा, श्रवण सिंह चावड़ा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आकाश विजयवर्गीय, गोपी कृष्ण नीमा, प्रताप करोसिया और सावन सोनकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।