पारंपरिक व्यंजनों से विदेशी मेहमानों को कराया जाएगा मध्यप्रदेश की संस्कृति का अनुभव
16 FAM Trips में 200 से अधिक पर्यटन विशेषज्ञ करेंगे प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण
भोपाल। मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट-2026 में देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों को प्रदेश की पारंपरिक खान-पान संस्कृति से भी रूबरू कराया जा रहा है। आयोजन में का साग, निघौना, मालवा-निमाड़ का प्रसिद्ध दाल-बाफला, भुने भाटे का भर्ता और सिलबट्टे की ताजी चटनियों जैसे पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजन परोसे जा रहे हैं। इन व्यंजनों के माध्यम से प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश की स्थानीय पाक कला और सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कराया जा रहा है।
आयोजन के बाद प्रदेश की पर्यटन संपदा से विदेशी एवं राष्ट्रीय प्रतिनिधियों को परिचित कराने के लिए 16 विशेष फैमिलियराइजेशन टूर्स (FAM Trips) आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें 200 से अधिक पर्यटन विशेषज्ञ शामिल होंगे। प्रतिनिधियों के दल प्रदेश के प्रमुख हेरिटेज, वाइल्डलाइफ, आध्यात्मिक और साहसिक जल पर्यटन सर्किटों का भ्रमण करेंगे।
हेरिटेज सर्किट में खजुराहो, ओरछा, मांडू, महेश्वर, ग्वालियर, सांची और भीमबेटका, जबकि वाइल्डलाइफ सर्किट में कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, पन्ना, सतपुड़ा एवं कूनो चीता अभयारण्य शामिल हैं। आध्यात्मिक सर्किट के तहत उज्जैन महाकाल महालोक, ओंकारेश्वर एकात्म धाम, चित्रकूट और अमरकंटक तथा साहसिक जल पर्यटन सर्किट में पचमढ़ी, चंदेरी, तवा और गांधी सागर का भ्रमण कराया जाएगा।
भोपाल प्रवास के दौरान प्रतिनिधियों को हेरिटेज वॉक, वन विहार बर्ड वॉक, बड़े तालाब पर शिकारा राइड और योग सत्रों का अनुभव भी कराया जा रहा है।
मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट-2026 के माध्यम से प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक मंच पर बढ़ावा देने के साथ स्थानीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों की आर्थिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे मध्यप्रदेश को देश-विदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।