2027 युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा : मुख्यमंत्रीMPPSC की वर्ष 2027 में होंगी दो परीक्षाएं, 12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 नए विश्वविद्यालय होंगे शुरूशोधार्थियों की छात्रवृत्ति 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा

2027 युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा : मुख्यमंत्री

MPPSC की वर्ष 2027 में होंगी दो परीक्षाएं, 12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 नए विश्वविद्यालय होंगे शुरू

शोधार्थियों की छात्रवृत्ति 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा

छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि वर्ष 2027 को मध्यप्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। वर्ष 2027 में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की एक नहीं, बल्कि दो परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। प्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेज और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के लिए 12 नए विश्वविद्यालय शुरू किए जाएंगे। साथ ही एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन योजना से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 को संबोधित करते हुए युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ष के लिए पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिस पर युवा अपने सुझाव और विचार साझा कर सकेंगे। प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी।

कॉलेज विद्यार्थियों के बेहतर प्लेसमेंट के लिए विशेष एजेंसी निर्धारित की जाएगी। सभी शासकीय महाविद्यालयों में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं एडवांस कंप्यूटिंग लैब स्थापित की जाएंगी। शोध को प्रोत्साहित करने के लिए शोधार्थियों को मिलने वाली राशि 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह की जाएगी। स्नातकोत्तर छात्राओं को गांव की बेटी एवं प्रतिभा किरण योजना से जोड़ने की भी घोषणा की गई।

5 करोड़ रुपये का आइडिया फंड बनेगा

मुख्यमंत्री ने युवाओं के स्टार्टअप आइडिया को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तर पर 5 करोड़ रुपये का आइडिया फंड बनाने की घोषणा की। राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रदेश में 500 नई इकाइयां बनाई जाएंगी तथा प्रत्येक संभाग में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में पुन: ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित होगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। राज्य सरकार का प्रयास है कि युवा केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। इसके लिए आईटी पार्क, नॉलेज सिटी, साइंस सिटी और टेलीकम्युनिकेशन क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है।

युवाओं से बड़े भाई के रूप में किया संवाद

सीएम यूथ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं से बड़े भाई के रूप में संवाद किया। वे रैम्प से होते हुए विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनके सपनों, आकांक्षाओं एवं सरकार से अपेक्षाओं पर बातचीत की। युवाओं ने कृषि, एआई एवं स्टार्टअप, खेल, भारतीय संस्कृति, विकसित भारत, नशामुक्ति और परिवहन जैसे विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे।

कृषि से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार फूड प्रोसेसिंग और वैल्यू चेन विकसित करने पर काम कर रही है। एआई एवं स्टार्टअप के सवाल पर उन्होंने भोपाल में एआई और नॉलेज सिटी तथा उज्जैन में साइंस सिटी के विकास की जानकारी दी। युवाओं के स्टार्टअप के लिए 5 लाख रुपये तक अनुदान की व्यवस्था का भी उल्लेख किया।

खेलों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्पोर्ट्स को बढ़ावा दिया जा रहा है। सभी कॉलेजों में स्पोर्ट्स कोच की नियुक्ति की गई है और प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में युवाओं के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने युवा वर्ष में खेल क्षेत्र को प्राथमिकता देने की बात कही।

41 हजार से अधिक विद्यालयों में होगा कौशल और सेवा का संदेश

कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘मध्यप्रदेश सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के पंजीयन का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मानसिक स्वास्थ्य, योग, करियर गाइडेंस, भारतीय ज्ञान परंपरा, कौशल उन्नयन, आयुष और नवाचार से उद्यमिता तक विभिन्न विषयों पर स्टॉल लगाए गए।

कॉन्क्लेव में यूथ आइकॉनिक सिंगर जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की सांगीतिक प्रस्तुतियों ने युवाओं का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने एआई रोबोट ‘बडी’ के साथ कदमताल भी की। कार्यक्रम में ‘डॉ. मोहन यादव के संग-बदलाव के रंग’ विषय पर रॉक शैली में वीडियो प्रस्तुति भी दी गई।

उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों से प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने