मुंबई में उद्योग जगत से सीधा संवाद करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रमुख उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें, जनवरी 2027 के प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले निवेशकों से संपर्क बढ़ाने की पहल
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों और औद्योगिक संभावनाओं को देश के प्रमुख उद्योग समूहों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 अक्टूबर को मुंबई में उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। द सेंट रेजिस, लोअर परेल में आयोजित निवेश संवाद के दौरान मुख्यमंत्री प्रमुख उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
मुंबई देश के प्रमुख औद्योगिक, वित्तीय और कारोबारी समूहों का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में मुख्यमंत्री का उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए चलाए जा रहे संपर्क अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। संवाद के दौरान मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीति, निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों तथा विभिन्न क्षेत्रों में विकसित हो रहे औद्योगिक आधार की जानकारी उद्योग समूहों को दी जाएगी।
निवेशकों से सीधे संवाद पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रमुख उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करने के बाद मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर केंद्रित प्रस्तुतीकरण और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री का संबोधन भी निवेशकों के साथ संवाद का प्रमुख हिस्सा रहेगा।
मध्यप्रदेश सरकार की ओर से उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, निवेश अनुकूल नीतिगत वातावरण और विभिन्न क्षेत्रों में विकसित हो रहे औद्योगिक अवसरों को सामने रखा जाएगा। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर प्रस्तुतीकरण देंगे।
संवाद के दौरान प्रदेश की भौगोलिक स्थिति, बड़े बाजारों से कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स सुविधाओं, औद्योगिक अधोसंरचना और विभिन्न क्षेत्रों में विकसित हो रहे औद्योगिक क्लस्टर्स के माध्यम से उपलब्ध निवेश संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। सरकार की ओर से उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अधोसंरचना और निवेश सुविधा तंत्र को लगातार मजबूत किए जाने की जानकारी भी दी जाएगी।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले बढ़ाया जा रहा सीधा संपर्क
मध्यप्रदेश सरकार ने जनवरी 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों के साथ देश-विदेश के प्रमुख उद्योग समूहों से सीधे संपर्क बढ़ाने की प्रक्रिया तेज की है। इसी क्रम में मुंबई में आयोजित होने वाला यह संवाद महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि समिट से पहले विभिन्न क्षेत्रों के उद्योग समूहों के साथ उनकी आवश्यकताओं, निवेश योजनाओं और प्रदेश में उपलब्ध अवसरों को लेकर प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया जाए।
मुंबई संवाद में प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा के साथ संभावित निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के अवसर भी तलाशे जाएंगे। निवेशकों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप औद्योगिक क्षेत्रों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
वन-टू-वन बैठकों के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. यादव को निवेशकों के प्रस्तावों और उनकी व्यावसायिक आवश्यकताओं को सीधे समझने का अवसर मिलेगा। इस दौरान निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने, आवश्यक अनुमतियों और सुविधाओं को सुगम करने तथा उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की जाएगी।
मुंबई में होने वाला यह निवेश संवाद जनवरी 2027 के प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले उद्योग समूहों के साथ संपर्क बढ़ाने और मध्यप्रदेश में संभावित निवेश अवसरों पर सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।