मध्यप्रदेश में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों का तेजी से हो रहा विस्तार : मुख्यमंत्री डॉ. यादवइंदौर में निजी होटल का शुभारंभ, सिंहस्थ-2028 को देखते हुए बढ़ेगा शहर का महत्व

मध्यप्रदेश में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों का तेजी से हो रहा विस्तार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

इंदौर में निजी होटल का शुभारंभ, सिंहस्थ-2028 को देखते हुए बढ़ेगा शहर का महत्व

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं से युक्त होटल और बड़ी परियोजनाओं में निवेश से पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। इसके साथ ही आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर में एक निजी होटल के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए इंदौर का महत्व और बढ़ गया है। उज्जैन के निकट होने के कारण इंदौर में पर्यटकों, श्रद्धालुओं और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉर्पोरेट बैठकों, व्यापारिक आयोजनों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त होटलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नवरात्रि के पावन पर्व पर अहिल्या की नगरी इंदौर को यह नई सुविधा मिलने का विशेष महत्व है। उन्होंने होटल के शुभारंभ पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

डॉ. यादव ने कहा कि नया होटल पर्यटन, व्यापार और कॉर्पोरेट गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ इंदौर की आधुनिक आतिथ्य सुविधाओं को भी मजबूती प्रदान करेगा। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, सुमित मिश्रा, श्रवण सिंह चावड़ा, मयंक राज सिंह भदौरिया सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने