मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान जारी
युवा एवं प्रथम बार मतदान के पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर करा सकते हैं पंजीयन
भोपाल। फोटो निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने और मतदाता सूची को अद्यतन करने के संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झा ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों तथा पहली बार मतदान के पात्र युवाओं के नाम जोड़ने के लिए निरंतर अद्यतन प्रक्रिया के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन करने के कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया।
फॉर्म-6 से होगा नए मतदाताओं का पंजीयन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पहली बार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ नियमानुसार आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फॉर्म-6 जमा करने के बाद अलग से घोषणा-पत्र (डिक्लेरेशन फॉर्म) प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है।
जिलों में पंजीयन के लिए उपलब्ध कराया जा रहा सहयोग
प्रदेश के प्रत्येक जिले में नए मतदाताओं और पंजीयन से छूटे पात्र नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी देना, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन प्राप्त करना और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
इस कार्य में तहसील स्तर पर एसडीएम एवं तहसीलदार तथा जिला स्तर पर संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर.पी.एस. जादौन तथा उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव, राजेश यादव और वीरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।