प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा-सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे : मुख्यमंत्री डॉ. यादवमुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति कलश यात्रा को किया संबोधित, प्रदेशवासियों से विकसित भारत के निर्माण में सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान

प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा-सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति कलश यात्रा को किया संबोधित, प्रदेशवासियों से विकसित भारत के निर्माण में सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रसेवा की यात्रा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रही है। यह यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई थी, जो अब 25 वर्षों के गौरवपूर्ण पड़ाव पर पहुंच रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जनसेवा की यात्रा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को साकार करने की निरंतर साधना रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सुदीर्घ, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना भी की।

विकसित भारत के निर्माण में योगदान का संकल्प

मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल लोगों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में विकास और जनकल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण हुआ है। मध्यप्रदेश में भी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने की दिशा में विधानसभा के माध्यम से प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कर-कमलों से उज्जैन में श्री महाकाल लोक का लोकार्पण हुआ, जिसके बाद उज्जैन देश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्रों में शामिल हुआ है। वर्ष 2022 तक जहां उज्जैन में लगभग 60 से 70 लाख श्रद्धालु आते थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर करीब 7 करोड़ हो गई। प्रदेश में पर्यटकों की संख्या भी 20 करोड़ के पार पहुंची है।

जनकल्याणकारी योजनाओं से बदला करोड़ों लोगों का जीवन

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने 21वीं शताब्दी को भारत की शताब्दी बताया था। आज भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास एवं प्रगति की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक चुनौती से निपटने, अनुच्छेद 370 के संबंध में ऐतिहासिक निर्णय लेने और नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई के साथ ही आयुष्मान भारत, उज्ज्वला गैस योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रसेवा की यह यात्रा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रेरणा देती है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम एवं सेवा ज्योति मशाल यात्रा में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ जी महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, जितेंद्र पंड्या, सतीश मालवीय, डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, उपाध्यक्ष शिवानी कुंवर, संगठन मंत्री चंद्रशेखर, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, ग्रामीण अध्यक्ष राजेश धाकड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने