वृंदावन ग्राम में उन्नत नस्ल के पशुओं की प्रतियोगिता आयोजित करें : मुख्यमंत्री डॉ. यादवप्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को एक लाख, द्वितीय को 50 हजार और तृतीय को 25 हजार रुपये का पुरस्कारपंप ऊर्जीकरण के लिए किसानों के खेतों पर लगाए जाएंगे सोलर सिस्टम

वृंदावन ग्राम में उन्नत नस्ल के पशुओं की प्रतियोगिता आयोजित करें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को एक लाख, द्वितीय को 50 हजार और तृतीय को 25 हजार रुपये का पुरस्कार

पंप ऊर्जीकरण के लिए किसानों के खेतों पर लगाए जाएंगे सोलर सिस्टम

भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उन्नत नस्ल के पशुपालन को प्रोत्साहित किया जाए। पशुपालकों को प्रोत्साहन देने के लिए वृंदावन ग्राम में उन्नत नस्ल के पशुओं की प्रतियोगिता आयोजित की जाए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को एक लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कारों का वितरण दीपावली पर गोवर्धन पूजा के अवसर पर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रतलाम में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम को उज्जैन से वर्चुअली संबोधित करते हुए किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि रतलाम के किसान खेती में नवाचार के साथ विभिन्न प्रकार की कृषि गतिविधियां अपना रहे हैं। किसान अपनी आय बढ़ाने के लिए फसल उत्पादन के साथ प्रोसेसिंग, पशुपालन और उद्यानिकी जैसी गतिविधियों को भी अपना रहे हैं। किसानों को कृषि क्षेत्र में सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

30 लाख किसानों के खेतों पर सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिंचाई का रकबा बढ़ाने के साथ पंप ऊर्जीकरण के लिए 30 लाख किसानों के खेतों पर सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। रबी सीजन में सिंचाई के लिए किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि रतलाम में चंबल के पानी से सिंचाई हो रही है। नदी जोड़ो अभियान से क्षेत्र के किसानों के जीवन में बदलाव आएगा। एक्सप्रेस-वे के निर्माण से रतलाम में बाजार की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हुई है। उन्होंने कहा कि रतलाम के किसान बहुउद्देशीय फसलों के साथ प्रोसेसिंग गतिविधियों को भी बढ़ावा दे रहे हैं। अंगूर की खेती एवं प्रोसेसिंग के साथ रतलाम सेव और उन्नत खेती के लिए भी जाना जाता है।

उन्नतशील किसानों से किया संवाद

मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए पीएम एफएमई योजना का लाभ लेकर घी का व्यवसाय अमेरिका और श्रीलंका तक पहुंचाने वाले किसान दिलीप पाटीदार ने बताया कि उन्हें योजना के अंतर्गत 30 लाख 10 हजार रुपये की सब्सिडी मिली है। वे बिलोना पद्धति से घी तैयार करते हैं। उन्होंने बताया कि इस पद्धति से तैयार घी की मांग देश के साथ विदेशों में भी बढ़ी है।

गुलाब की खेती करने वाले प्रवीण पाटीदार ने भी अपने अनुभव साझा किए। वहीं अमरूद उत्पादक किसान कन्हैयालाल पाटीदार ने बताया कि वे कम शुगर वाले वीएनआर, पिंक और रेड डायमंड किस्म के अमरूद का उत्पादन कर रहे हैं और मांग के अनुसार मुंबई, दिल्ली एवं असम के बाजारों में भेजते हैं।

जैविक उर्वरक के लिए रिसर्च सेंटर संचालित करने वाली रेखा व्यास ने जैविक खाद के संबंध में जानकारी दी। लहसुन-प्याज उत्पादक किसान धर्मेंद्र जाट ने मुख्यमंत्री से स्थानीय मालवी भाषा में संवाद किया।

कार्यक्रम में किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक खेती के तौर-तरीकों तथा कृषि के साथ पशुपालन, उद्यानिकी एवं अन्य संबद्ध गतिविधियां अपनाकर आय के विविध स्रोत विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय एवं रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर ने भी संबोधित किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने