मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गौपालक सम्मेलन की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश
3 अक्टूबर को भोपाल में प्रस्तावित गौपालक सम्मेलन में बड़ी संख्या में दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य होंगे शामिल
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 3 अक्टूबर को प्रस्तावित भोपाल दौरे और राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह की भोपाल यात्रा के दौरान राज्य को विभिन्न सौगातें प्राप्त होंगी। भेल दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में आसपास के जिलों की दुग्ध सहकारी समितियों के बड़ी संख्या में सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। वहीं भौंरी स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) में आयोजित कार्यक्रम युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने गौपालक सम्मेलन में आने वाले सदस्यों के आवागमन और बसों की पार्किंग के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक जिले से आने वाली बसों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा सभी व्यवस्थाओं में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच कंट्रोल रूम के माध्यम से बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, भोजन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा एवं अग्निशमन व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने भोपाल शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।