महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्री मोदी : मुख्यमंत्री डॉ. यादवगांधी और शास्त्री जयंती पर मुख्यमंत्री ने किया नमन, 3 अक्टूबर को अमित शाह के आगमन से प्रदेश को विभिन्न सौगातें मिलने की बात कही

महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्री मोदी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

गांधी और शास्त्री जयंती पर मुख्यमंत्री ने किया नमन, 3 अक्टूबर को अमित शाह के आगमन से प्रदेश को विभिन्न सौगातें मिलने की बात कही

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोकतंत्र पूरी दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ाते हुए देश ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव गांधी जयंती के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ओल्ड विधानसभा चौराहे स्थित उनकी प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया, जबकि स्व. लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्श स्थापित किए। इन महापुरुषों के विचार आज भी देश को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी को प्रोत्साहन देकर देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वदेशी की भावना के अनुरूप देश की नई संसद का निर्माण कराया है।

कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की सराहना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और मानवीय भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्री विमान में इजरायली यात्रियों की जान बचाने के लिए कैप्टन स्मित ने साहस का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने उनके कार्य को मानवता, कर्तव्यनिष्ठा और साहस का उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैप्टन स्मित ने यात्रियों की जान बचाने के साथ आतंकवादियों के मंसूबों को विफल करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों की ओर से कैप्टन स्मित मच्छार को बधाई दी है।

गौपालक सम्मेलन से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल आएंगे। इस दौरान आयोजित गौपालक सम्मेलन के माध्यम से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भौंरी स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) के मुख्य परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगातें मिलने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सल मुक्त हुआ है तथा राज्य अब नशामुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, भोपाल महापौर मालती राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, जिलाध्यक्ष रवींद्र यति सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने