नवरात्रि में लाड़ली बहनों को मिलेगी 41वीं किस्त की सौगात14 अक्टूबर को उमरिया के गुरुवाही से 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में अंतरित होगी राशि144 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

नवरात्रि में लाड़ली बहनों को मिलेगी 41वीं किस्त की सौगात

14 अक्टूबर को उमरिया के गुरुवाही से 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में अंतरित होगी राशि

144 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 अक्टूबर को उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत गुरुवाही ग्राम में आयोजित लाड़ली बहना योजना सम्मेलन में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त की राशि अंतरित करेंगे। सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,500 रुपये प्रतिमाह के मान से आर्थिक सहायता राशि भेजी जाएगी।

नवरात्रि के अवसर पर मिलने वाली यह राशि महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण होगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के एलपीजी उपभोक्ताओं तथा गैर-उज्ज्वला श्रेणी में योजना के अंतर्गत पंजीकृत पात्र लाड़ली बहनों को 450 रुपये के मान से गैस रिफिल के लिए अनुदान राशि भी अंतरित करेंगे।

महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को मजबूत कर रही योजना

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करना और परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी को सशक्त करना है। योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे सकें।

योजना के अंतर्गत पात्र सामान्य लाभार्थी महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ प्राप्त करने वाली पंजीकृत पात्र महिलाओं को योजना के प्रावधानों के अनुसार प्रतिमाह 900 रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। राशि आधार से जुड़े डीबीटी सक्रिय बैंक खातों में सीधे अंतरित की जाती है।

अब तक 40 किस्तों का हो चुका है भुगतान

योजना के अंतर्गत जून 2023 में लगभग 1.25 करोड़ लाभार्थी महिलाओं को पहली बार मासिक आर्थिक सहायता राशि अंतरित की गई थी। सितंबर 2026 तक नियमित रूप से 40 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब 14 अक्टूबर को 41वीं किस्त जारी की जाएगी।

इसके अतिरिक्त अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को चार बार 250-250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना में 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवाही में आयोजित सम्मेलन के दौरान उमरिया जिले में कुल 14,415.93 लाख रुपये की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें 8,731.55 लाख रुपये की लागत के 68 कार्यों का लोकार्पण तथा 5,684.41 लाख रुपये की लागत के 68 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5,906.99 लाख रुपये की लागत के 18 कार्यों का लोकार्पण और 3,225.22 लाख रुपये की लागत के 46 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। वहीं, मानपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,824.56 लाख रुपये की लागत के 50 कार्यों का लोकार्पण तथा 2,459.16 लाख रुपये की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन होगा।

इन विकास कार्यों से जिले में विभिन्न क्षेत्रों के विकास को गति देने की दिशा में पहल की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने