सांसद बंटी विवेक साहू ने सौसर और पिपलानारायणवार में करोड़ों के विकास कार्यों की रखी आधारशिला
सौसर में आधुनिक पार्क और एमआरएफ कंपोस्टिंग प्लांट, पिपलानारायणवार में तरल अपशिष्ट प्रबंधन योजना का होगा निर्माण
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सांसद बंटी विवेक साहू ने मंगलवार को सौसर और पिपलानारायणवार में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की आधारशिला रखी। सौसर नगर पालिका परिषद में 3 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से आधुनिक पार्क तथा स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत 77 लाख रुपये की लागत से एमआरएफ कंपोस्टिंग प्लांट का निर्माण किया जाएगा। वहीं, नगर परिषद पिपलानारायणवार में 3 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से तरल अपशिष्ट प्रबंधन योजना के कार्यों की आधारशिला रखी गई।
सौसर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
सौसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संतोष जैन, हरिश बत्रा, शेषराव आप्पा पोस्ते, यू.सी. जैन, राजू नरोटे, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष रिजवान कुरैशी, सांसद प्रतिनिधि अलकेश लांबा, रामकृष्ण वाकोडे, इंद्रचंद्र डागा, मोरेश्वर मर्सकोले, नगर पालिका उपाध्यक्ष विनोद जुनघरे और जनपद पंचायत अध्यक्ष संजय भूते मंचासीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष सुरेखा इंद्रचंद्र डागा ने की।
पिपलानारायणवार में भी विकास कार्यों की रखी आधारशिला
पिपलानारायणवार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक विजय रेवनाथ चौरे, पूर्व मंडी अध्यक्ष अशोक चौधरी, भाजपा नेता रामकृष्ण वाकोडे, जनपद पंचायत अध्यक्ष संजय भूते, विधायक प्रतिनिधि कैलाश चौधरी और नगर परिषद उपाध्यक्ष आरती प्रवीण लामसे मंचासीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष अरुणा कैलाश चौधरी ने की।
दोनों कार्यक्रमों में वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता वीरों का शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। सौसर में कार्यक्रम का संचालन मुख्य नगर पालिका अधिकारी मौसम पालेवार तथा पिपलानारायणवार में मुख्य नगर पालिका अधिकारी डी.पी. साहू ने किया।
किसानों की समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखूंगा : सांसद
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि वर्तमान में सूखे और फसलों को हुए नुकसान के कारण किसान संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीबों, किसानों तथा जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। सांसद ने आश्वस्त किया कि वे क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से स्वयं मुलाकात कर चर्चा करेंगे और किसानों को राहत दिलाने का प्रयास करेंगे।
सौसर में आधुनिक सार्वजनिक पार्क के निर्माण को उन्होंने नगर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पार्क का नाम ‘नमो पार्क’ रखने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों का विकास शहर को नई पहचान देने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।