रानी दुर्गावती के दिखाए मार्ग पर जनजातीय विकास का नया अध्याय लिख रही सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादवखालवा में 6 सांदीपनि विद्यालय, हरसूद में 490 सीटर कन्या छात्रावास और 40 नए जनजातीय छात्रावासों की घोषणा3.54 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को 21.34 करोड़ रुपए का बोनस, 56 समितियों को 4.58 करोड़ रुपए काष्ठ लाभांश

रानी दुर्गावती के दिखाए मार्ग पर जनजातीय विकास का नया अध्याय लिख रही सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

खालवा में 6 सांदीपनि विद्यालय, हरसूद में 490 सीटर कन्या छात्रावास और 40 नए जनजातीय छात्रावासों की घोषणा

3.54 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को 21.34 करोड़ रुपए का बोनस, 56 समितियों को 4.58 करोड़ रुपए काष्ठ लाभांश

छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती ने प्रजा के सुख को ही अपना धर्म माना था। उनका शासन कृषि, जल प्रबंधन और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए जाना जाता है। रानी दुर्गावती अदम्य साहस, अटल स्वाभिमान और स्वाभिमान की प्रतीक थीं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर राज्य सरकार प्रदेश के जनजातीय समाज के कल्याण और विकास का नया अध्याय लिख रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को खंडवा जिले के हरसूद के ग्राम छनेरा में वीरांगना रानी दुर्गावती की 502वीं जयंती एवं तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा रानी दुर्गावती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही पंच कलश के माध्यम से गोगो पूजन एवं बड़ादेव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।

52 गढ़ों के राजवंशजों का सम्मान

कार्यक्रम में प्रदेश के इतिहास में पहली बार गोंडवाना साम्राज्य के तत्कालीन 52 गढ़ों के राजवंशजों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजवंशजों को साफा पहनाकर खड्ग एवं प्रतीक चिन्ह भेंट किए।

सम्मानित राजवंशजों में महेंद्र प्रताप सिंह जूदेव (नर्मदापुरम), महेंद्र शाह (बरहेटा नरसिंहपुर), डॉ. हेमराज सिंह (जागीरदेवरी रायसेन), अमरजीत सिंह (उदयपुरा रायसेन), रंजना सिंह (मदनपुर नरसिंहपुर), दमयंती सिंह (दियागढ़ जबलपुर), यशवंत सिंह जूदेव (बिलोनिया नरसिंहपुर), विमलेश ठाकुर (दमोह), राजा वीरेंद्र शाह (देवगढ़ छिंदवाड़ा), डॉ. योगेश्वर सिंह (सिहोरा बघेलगढ़), गरिमा सिंह (मदनपुर), अर्चना सिंह कसदे (उमरिया), अभिजीत शाह (हरदा), ठाकुर (गोटेगांव नरसिंहपुर) सहित अन्य गढ़ों से आए राजवंशज शामिल रहे।

3.54 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, देवास और हरदा जिले के 3 लाख 54 हजार से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को 21 करोड़ 34 लाख रुपए से अधिक की बोनस राशि वितरित की। इनमें खंडवा जिले के 32 हजार 846 संग्राहक शामिल हैं। वहीं, खंडवा वन मंडल क्षेत्र की 56 संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के 26 हजार 400 से अधिक हितग्राहियों को 4 करोड़ 58 लाख रुपए का काष्ठ लाभांश वितरित किया गया।

मुख्यमंत्री ने खंडवा जिले में लगभग 143 करोड़ रुपए की लागत के 18 विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इनमें हाईस्कूल भवन, छात्रावास, खालवा में खेल परिसर तथा तीन सामुदायिक एवं सांस्कृतिक भवनों से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि हरसूद विधानसभा क्षेत्र में करवानी उद्वहन सिंचाई परियोजना पर तेजी से कार्य किया जाएगा। जनजातीय क्षेत्रों में 25 करोड़ रुपए की लागत से बिजली आपूर्ति से जुड़े विकास कार्य पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने खालवा तहसील क्षेत्र में 6 सांदीपनि विद्यालय, हरसूद में 490 सीटर कन्या छात्रावास तथा करीब 161 करोड़ रुपए की लागत से 40 नए जनजातीय छात्रावास बनाने की घोषणा की। छात्रावासों में रोटी मेकर मशीन, वॉटर कूलर और ई-लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आश्रम स्कूलों के विकास के लिए 143 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि दी जाएगी।

इसके अलावा खंडवा में 10 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से हाइटेक नर्सरी तथा हरसूद सहित खंडवा जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाए जाएंगे।

रानी दुर्गावती के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती के जीवन से राष्ट्र प्रथम, स्वाभिमान, विपरीत परिस्थितियों में नेतृत्व क्षमता, नारी शक्ति के सम्मान तथा जल, जंगल और प्रकृति के संरक्षण की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार तेंदूपत्ता संग्राहकों की मेहनत का सम्मान करते हुए पारिश्रमिक में वृद्धि के साथ शुद्ध लाभ का 75 प्रतिशत बोनस के रूप में दे रही है। प्रदेश में 32 लघु वनोपजों का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीब विद्यार्थियों की मेडिकल शिक्षा की फीस, मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी और लैपटॉप तथा शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को नि:शुल्क किताबें और साइकिल उपलब्ध करा रही है। प्रदेश के 85 हजार युवाओं को शासकीय पदों पर नियुक्ति दी गई है। इसी वर्ष राज्य में एक लाख करोड़ रुपए की लागत से जनकल्याण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के गांव-गांव तक मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का विस्तार किया जाएगा और इसका लाभ जनजातीय क्षेत्रों को भी मिलेगा। किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ओंकारेश्वर धाम को पीएमश्री हेली सेवा से जोड़ने, जरूरतमंदों को एयर एम्बुलेंस सुविधा और राहवीर योजना के तहत घायलों को अस्पताल पहुंचाने वालों को 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दिए जाने की जानकारी भी दी।

रानी दुर्गावती के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास ऊइके ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 52 गढ़ों के राजवंशजों का सम्मान ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने रानी दुर्गावती के जीवन पर आधारित स्वलिखित गीत भी प्रस्तुत किया।

जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि जनजातीय राजवंशों ने देश की एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम में रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह, क्रांतिसूर्य टंट्या मामा और संत सिंगाजी महाराज के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं का मंचन किया गया।

कार्यक्रम में विधायक नारायण पटेल, कंचन तनवे, छाया मौरे, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेड़े, महापौर अमृत अमर यादव, पूर्व महापौर भावना शाह, कुंवर दिव्यादित्य शाह, अंबाराम कराड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्राहक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने