मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को मंडला में करेंगे तेंदूपत्ता बोनस का वितरण
9 लाख से अधिक संग्राहकों को 36.17 करोड़ रुपये से अधिक की राशि होगी अंतरित, 84 वन समितियों को मिलेगा 26.56 करोड़ रुपये का काष्ठ लाभांश
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 अक्टूबर को मंडला में आयोजित प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के सदस्यों के प्रशिक्षण-सह-जागरूकता एवं प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे 9 लाख 4 हजार 126 तेंदूपत्ता संग्राहकों को 36 करोड़ 17 लाख 37 हजार 518 रुपये की बोनस राशि का वितरण करेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व मंडला, पश्चिम मंडला, डिंडोरी, जबलपुर, उत्तर सिवनी, दक्षिण सिवनी, उत्तर बालाघाट और दक्षिण बालाघाट वन मंडलों के तेंदूपत्ता संग्राहक लाभान्वित होंगे।
84 वन समितियों को मिलेगा काष्ठ लाभांश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 84 वन समितियों के सदस्यों को 26 करोड़ 56 लाख 53 हजार 929 रुपये का काष्ठ लाभांश भी वितरित करेंगे। इसमें पूर्व मंडला एवं पश्चिम मंडला वन मंडल की 84 वन समितियां शामिल हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य तेंदूपत्ता संग्राहकों एवं वनोपज से जुड़े परिवारों के आर्थिक हितों को मजबूत करना तथा उनके परिश्रम को प्रोत्साहित करना है।
पांढुर्णा में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को पांढुर्णा जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे। इसके साथ ही वे सांदीपनि स्कूल पांढुर्णा में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम तथा जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में शामिल होंगे।