शाजापुर कृषि, नवाचार और विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव‘बलराम कृषि महोत्सव’ किसानों को आधुनिक तकनीकों और नवाचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यमकृषि को लाभकारी बनाने के लिए कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा, किसानों से पशुपालन और अन्य गतिविधियों के जरिए आय बढ़ाने का आह्वान

शाजापुर कृषि, नवाचार और विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

‘बलराम कृषि महोत्सव’ किसानों को आधुनिक तकनीकों और नवाचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम

कृषि को लाभकारी बनाने के लिए कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा, किसानों से पशुपालन और अन्य गतिविधियों के जरिए आय बढ़ाने का आह्वान

भोपाल/छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को बिहार के बोधगया से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शाजापुर जिले में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर कृषि विकास, आधुनिक तकनीकों और किसान कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शाजापुर जिला कृषि, नवाचार और विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्याज, आलू और सोयाबीन जैसी फसलों के साथ कृषि आधारित उद्योगों और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी जिले की पहचान बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सड़क एवं एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं से जिले के विकास को गति मिलेगी और किसानों तथा स्थानीय व्यापारियों को बाजार तक पहुंचने में सुविधा होगी।

कृषि को लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत राज्य सरकार कृषि को लाभकारी बनाने के लिए सिंचाई, बिजली, सोलर पंप, भंडारण, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दे रही है। किसानों को नई सड़क परियोजनाओं में चार गुना मुआवजा, दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने, सोलर पंपों को प्रोत्साहित करने तथा कृषि उपज के उचित मूल्य और भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर जोर देते हुए बताया कि जिले में प्राकृतिक खेती के लिए किसानों का चयन किया जा रहा है तथा कृषि सखियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

खेती के साथ पशुपालन और अन्य गतिविधियां अपनाएं किसान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, फूलों की खेती, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण जैसी गतिविधियां अपनाकर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए सांची दुग्ध संघ को सशक्त बनाया जा रहा है। गौशालाओं के संचालन के लिए प्रति गौमाता प्रतिदिन सहायता दी जा रही है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिताएं और पुरस्कार योजनाएं भी संचालित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आलू और प्याज के प्रसंस्करण, भंडारण तथा फूड पार्क की स्थापना से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने में मदद मिलेगी।

गांव-गांव तक परिवहन सुविधा पहुंचाने का प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस योजना के माध्यम से गांव-गांव तक बस सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण परिवारों के आवासों की नि:शुल्क रजिस्ट्री की सुविधा और किसानों को सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

किसानों के हित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बोनस सहित खरीदी और भावांतर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार निर्णय ले रही है। किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई का रकबा विस्तारित करने और कृषि क्षेत्र को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘बलराम कृषि महोत्सव’ किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलावों, आधुनिक तकनीकों और नवाचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से किसानों को नई जानकारियां प्राप्त करने, उन्नत कृषि पद्धतियों को समझने और खेती में नवीन तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है। उन्होंने किसानों की खुशहाली और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।

किसानों और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता

मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल (अपेक्स बैंक) के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और किसान देश की समृद्धि का आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में कृषि, पशुपालन और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सीधे आर्थिक सहायता मिल रही है।

विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश के प्रत्येक जिले में ‘भगवान बलराम कृषि महोत्सव’ आयोजित किया जा रहा है। कृषि प्रधान शाजापुर जिले में यह महोत्सव खेती को उन्नत बनाने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने